Begin typing your search above and press return to search.

CG के बिलासपुर में बर्ड फ्लू: 22 हजार से अधिक मुर्गा-मुर्गी दफन, 25,896 अंडों को भी दफनाया, रैपिड रिस्पांस टीम कर रही निगरानी

CG Bird Flu: छत्तीसगढ़ बिलासपुर के सरकारी कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद संक्रमित 22,808 मुर्गा-मुर्गियों के अलावा 25,896 अंडों को दफनाया गया है। मुर्गा व मुर्गियों के लिए रखे गए तकरीबन 79 क्विंटल दाने को गड्ढों में डालकर मिट्टी फिलिंग की गई है।

CG के बिलासपुर में बर्ड फ्लू: 22 हजार से अधिक मुर्गा-मुर्गी दफन, 25,896 अंडों को भी दफनाया, रैपिड रिस्पांस टीम कर रही निगरानी
X
By Radhakishan Sharma

CG Bird Flu: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर के सरकारी कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद संक्रमित 22,808 मुर्गा-मुर्गियों के अलावा 25,896 अंडों को दफनाया गया है। मुर्गा व मुर्गियों के लिए रखे गए तकरीबन 79 क्विंटल दाने को गड्ढों में डालकर मिट्टी फिलिंग की गई है।

छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद, पशु चिकित्सा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बड़े पैमाने पर एक्शन लिया है। संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा विभाग बिलासपुर के निर्देशन में रैपिड रिस्पांस टीम का गठन कर प्रभावित क्षेत्र में तत्काल कार्रवाई की गई।

रैपिड रिस्पांस टीम द्वारा संक्रमित एवं संदिग्ध क्षेत्र में मौजूद शेष बचे कुल 22,808 पक्षियों, 25,896 अंडों तथा लगभग 79 क्विंटल दाने का वैज्ञानिक विधि से नष्टीकरण किया गया, ताकि संक्रमण की श्रृंखला को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। यह कार्रवाई शासन के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत की गई।

कलेक्टोरेट कैम्पस में कंट्राेल रूम, 24 घंटे एक्टिव, 07752-251000 कॉल कर दे सकते हैं जानकारी

जिला प्रशासन द्वारा स्थिति की सतत निगरानी के लिए कलेक्टोरेट परिसर में बर्ड फ्लू कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि बर्ड फ्लू से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना, संदेह या मृत पक्षियों की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम के लैंडलाइन नंबर 07752-251000 पर दें।

जिले में जारी किया अलर्ट, संक्रमित क्षेत्र में आवाजाही पर रोक

संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉक्टर जीएसएस तंवर ने बताया, जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पशुपालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ा दी गई है। संक्रमण प्रभावित क्षेत्र में आवाजाही पर भी नियंत्रण रखा जा रहा है। समय रहते उठाए गए इन कदमों से बर्ड फ्लू के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सावधानी और जागरूकता बनाए रखने की जरूरत है।

कलेक्टर-एसएसपी ने कोनी क्षेत्र का रात में किया निरीक्षण

बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने देर रात बर्ड फ्लू से प्रभावित कोनी क्षेत्र का संयुक्त दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की और मौके पर मौजूद स्वास्थ्य, पशुपालन एवं नगर निगम की टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी दौरे में उपस्थित थे।

कलेक्टर व एसएसपी ने दिए जरुरी निर्देश

कलेक्टर ने कहा कि संक्रमण को फैलने से रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित होने के बाद आवागमन पर नियंत्रण रखा जाए। साथ ही संक्रमित पोल्ट्री एवं पक्षियों के सैंपलिंग, किलिंग (कुलिंग) एवं सुरक्षित निपटान की प्रक्रिया वैज्ञानिक तरीके से सुनिश्चित की जाए।

एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस अधिकारियों को कंटेनमेंट जोन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने और अनावश्यक आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाने निर्देश जारी किया। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर नियंत्रण रखते हुए लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराना भी जरूरी है। नगर निगम को क्षेत्र में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन एवं अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story