Baloda Bazar Violence: पूर्व मंत्री गुरु रुद्र गिरफ्तारी देने पहुंचे SSP ऑफिस, बोले... गिरफ्तार करो, वरना यहाँ से...

Baloda Bazar Violence: रायपुर। बलौदाबाजार हिंसा मामले में भीड़ को उकसाने के बीजेपी मंत्रियों के बयान के बाद कांग्रेस के पूर्व मंत्री गुरु रुद्र कुमार रायपुर एसएसपी ऑफिस गिरफ्तारी देने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसएसपी कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों से खुद को गिरफ्तार करने को कहा।
उन्होंने ने आगे कहा कि बीजेपी मंत्रियों के द्वारा बेवजह उनका नाम घटनाक्रम से जोड़ा जा रहा है, जबकि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। बिना जांच के मेरा नाम लिया जा रहा। बीजेपी के मंत्री इस मामले में माफी मांगे। नहीं तो उनके खिलाफ मानहानि का नोटिस भेजा जाएगा।
दरअसल, मंगलवार 11 जून को बलौदाबाजार हिंसा मामले में बीजेपी के मंत्री दयाल दास बघेल, टंकराम वर्मा और दयाल दास बघेल ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर हिंसा मामले में भीड़ को उकसाने का आरोप पूर्व मंत्री गुरू रुद्र कुमार पर लगाया।
प्रेसवार्ता के बाद गुरु रुद्र ने मंत्रियों के बयान को बेबुनियाद बताया और बीजेपी मंत्रियों को माफी मांगने को कहा। गुरु रुद्र कुमार ने कहा कि आज इसी मामले को लेकर वो रायपुर एसएसपी कार्यालय गिरफ्तारी देने पहुंचे हैं।
एक्शन में सरकार
बलौदा बाजार हिंसा की घटना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कल जशपुर के दो दिन के दौरा को निरस्त कर दिया. कल दिन भर वे हाई लेवल की मीटिंग में व्यस्त रहे. सीनियर अफसरों की उन्होंने तलब की थी. मुख्यमंत्री ने हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
सतनामी समाज ने किया इंकार
मुख्यमंत्री से कल शाम मिलने पहुंचे सतनामी समाज के नेताओं ने घटना में अपने लोगों के हाथ होने से इंकार किया. सतनामी समाज के लोगों ने कहा कि समाज को बदनाम करने के लिए असामाजिक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया. समाज के लोगों ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने कहा.
सतनामी समाज ने सीएम के साथ की मीटिंग
सतनामी समाज के राज्यभर से आए प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री साय से कल यहां उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की और बलौदाबाजार जिले में हुई घटना के संबंध में शांति और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण चर्चा की और एक बार फिर शांति स्थापित करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया.
सतनामी समाज ने कहा, हिंसा से आहत
सतनामी समाज प्रमुखों ने कहा कि समाज के सभी लोग घटना से आहत हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने प्रदर्शन के दौरान हिंसा और तोड़फोड़ की कार्रवाई की है, वे असामाजिक तत्व थे और हमारे प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं थे. शांति और सौहार्द्र स्थापित करने के लिए हम सब दृढ़संकल्पित है. इस दौरान प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद भतपहरी ने कहा कि हमारा समाज परम पूज्य बाबा गुरू घासीदास जी का अनुयायी है. हम सत्य, अहिंसा और सद्भाव को मानने वाले लोग है. हम मनखे-मनखे एक समान को मानते हैं. बलौदाबाजार जिले की इस घटना ने हम सभी को आहत किया है. हम सब चाहते हैं कि समाज में शांति स्थापित हो और हम अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए शासन के साथ मिलकर इस दिशा में काम करने के उत्सुक है.
मुख्यमंत्री विष्णु ने कहा यह अत्यंत निंदनीय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सतनामी समाज परम पूज्य गुरू बाबा घासीदास के अनुयायी है. बाबा ने दुनिया को सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया है. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों असामाजिक तत्वों द्वारा जैतखाम का अपमान किया गया. शासन ने इसका संज्ञान लेते हुए न्यायिक जांच की घोषणा भी की है. मुख्यमंत्री साय ने कहा शांति के टापू छत्तीसगढ़ में इस घटना का होना अत्यंत निंदनीय है.
निर्दाेष को सजा नहीं होगी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने सतनामी समाज के प्रमुखों से कहा कि आप सभी प्रदेश के विभिन्न इलाकों से आए हैं. आप सबकी भी जिम्मेदारी है कि भ्रम की स्थिति न निर्मित हो और शांति स्थापित करने की दिशा में सब साथ मिलकर आगे बढ़े. मुख्यमंत्री ने समाज प्रमुखों से कहा कि किसी भी निर्दाेष को सजा नहीं होगी. आप सभी ने शासन को धन्यवाद ज्ञापित करने के उद्देश्य से यह शांतिपूर्ण आयोजन किया था, जिसमें कुछ असामाजिक तत्वों के हस्तक्षेप से यह घटना घटी. चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पवित्र अमरगुफा में जैतखाम को क्षति पहुंचाने की घटना के संबंध में शासन द्वारा अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी दी.
इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरूण साव, कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, दयाल दास बघेल, टंक राम वर्मा, विधायक अजय चंद्राकर, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के उपाध्यक्ष सरजु प्रसाद धृतलहरे, संरक्षक विनोद भारती, सतनामी कल्याण समिति, सतनामी सेवा समिति, सतनामी उत्थान समिति के जिला अध्यक्ष, कार्याकारिणी सदस्य सहित समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.
मंत्रियों ने कहा, घटना साजिश
बलौदाबाजा की घटना को लेकर मंत्री दयालदास बघेल, श्याम बिहारी जायसवाल और टंक राम वर्मा ने मंगलवार को यहां प्रेसवार्ता लेकर बड़ा आरोप लगाया है.बघेल ने कांग्रेस विधायक (भिलाई नगर) देवेंद्र यादव, कविता प्राण लहरे, पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया और रुद्र गुरु पर वहां विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्र हुई भीड़ को भड़काने का आरोप लगाया है. बघेल ने कहा कि सतनामी समाज के मंच से कांग्रेस विधायक यादव सहित अन्य नेताओं ने भड़काऊ भाषण दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बहुत बड़ा षडयंत्र रचकर इस गंभीर वारदात को अंजाम दिया. कांग्रेस विधानसभा चुनाव में हुई हार को पचा नहीं पा रही है. इसी वजह से यह साजिश की गई. साजिश के तहत ही वहां 15 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी. मंत्री ने कहा कि सतनामी समाज शांतिप्रिय समाज है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने उन्हें भड़काने का काम किया है.

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
-
Home
-
Menu
