बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत उत्खनन, परिवहन पर तीन हाइवा और एक जेसीबी सहित 34 वाहन जब्त

कोरबा। नदियों से खनिज का अवैध उत्खनन की शिकायत लंबे समय से मिल रही थी। इसके बाद प्रशासन ने जिलेभर में तेजी से जांच का प्लान बनाया। उसी प्लान के तहत जिलेभर में प्रशासनिक और खनिज अमले को जांच के लिए भेजा गया। जांच के बीच सभी पर सख्ती की गई। इसका नतीजा भी सामने आया। बीते दिनों बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अवैध रेत खनन और परिवहन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई का आदेश दिया था।
प्रशासन की टीमों ने खनिज विभाग से समन्वय कर दिनभर जांच अभियान चलाया और एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई कर दी। कोरबा एसडीएम सरोज महिलांगे के नेतृत्व में तहसीलदार बरपाली सत्यपाल राय और राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम चिचोली में छापेमारी की। इस कार्रवाई में अवैध रेत परिवहन के सात प्रकरण दर्ज किए गए और सभी सात ट्रैक्टर जब्त किए गए। पाली क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई, जहां छह वाहनों पर अवैध गतिविधियों के लिए प्रकरण दर्ज किया गया। भैसमा क्षेत्र में एक चैन-माउंट मशीन, तीन हाईवा तथा एक अवैध मिट्टी उत्खनन का प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई पूरी की गई।
इस प्रकार आज की कार्रवाई में पूरे जिले में कुल 34 वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित प्रकरणों में खान और खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। कोरबा तहसील क्षेत्र में तहसीलदार बजरंग साहू की टीम ने अवैध रेत उत्खनन में जुटे दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी को पकड़ा। इनमें से एक ट्रैक्टर और जेसीबी को बरबसपुर घाट से तथा एक ट्रैक्टर को ग्राम बरीडीह घाट से जब्त कर थाना उरगा के सुपुर्द किया गया।
अनुविभाग पाली में एसडीएम रोहित सिंह के मार्गदर्शन में तहसीलदार भूषण मंडावी और राजस्व अमले ने भी कड़ी कार्रवाई की। पाली क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त पांच ट्रैक्टर पकड़े गए और सभी को थाना पाली में जमा करा दिया गया। कटघोरा अनुविभाग में एसडीएम तन्मय खन्ना के नेतृत्व में कटघोरा, दीपका और दर्री तहसीलों में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में कुल सात ट्रैक्टर अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़े गए, जिनमें कटघोरा तहसील से तीन, दीपका तहसील से तीन और दर्री तहसील से एक ट्रैक्टर शामिल है। सभी वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया गया है।
इसी तरह पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार ने बताया कि आज अवैध रेत उत्खनन-परिवहन के 5 प्रकरण दर्ज किए गये हैं। पोड़ी में 3 ट्रैक्टर और पसान तहसील में 2 ट्रैक्टर ज़ब्त किया गया है। जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह केवल शुरुआत है। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए और कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

गोपाल राव: रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 11 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।
Tags
-
Home
-
Menu
