Begin typing your search above and press return to search.

CG: बच्चे और भीख: छत्तीसगढ़ में एक हजार से अधिक बच्चे सड़कों पर मांग रहे भीख!

Children and Begging: पूरे देश में इस वक्त 14 वर्ष की उम्र तक के 45 हजार 296 बच्चे सड़कों पर भीख मांगते घूम रहे हैं। ये आंकड़े केंद्र सरकार की एक रिपोर्ट सामने आए हैं। रिपोर्ट पुरानी है, मगर एक दिन पहले ही संसद में इसके आंकड़े रखे गए हैं। हैरत की बात यह है कि इसमें से 1065 बच्चे छत्तीसगढ़ में भीख मांग रहे हैं।

CG: बच्चे और भीख: छत्तीसगढ़ में एक हजार से अधिक बच्चे सड़कों पर मांग रहे भीख!
X
By Gopal Rao

Children and Begging: रायपुर। घूमंतु बच्चों के पुनर्वास के लिए केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाएं चल रही हैं, इसके बाद भी भीख मांगने वाले बच्चों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। भारत के रजिस्ट्रार जनरल ने ये आंकड़े उपलब्ध कराए थे, जिसे राज्यसभा में बताया गया है। छत्तीसगढ़ की बात करें तो आधिकारिक आंकड़े भले ही एक हजार के आसपास आ रहे हैं, मगर प्रदेश में इससे अधिक बच्चे भीख मांग रहे हैं। इसका कारण यह है कि कई परिवार के सदस्य सड़कों पर भीख मांगते आसानी से देखे जा सकते हैं और उनके साथ बच्चे भी यही काम करते हैं। केंद्र सरकार की सर्वे रिपोर्ट में दी गई जानकारी सड़क पर मिले बच्चों की है। जबकि प्रदेश के हर बड़े और छोटे शहरों में बच्चों को सड़कों पर घूमते देखा जाता है।

सबसे बड़ी बात यह है कि देशभर में मिले बच्चों में से केवल 2653 बच्चों का ही पुनर्वास किया जा सका है। इसमें बताया गया है कि 1507 बच्चों को वापस उनके माता- पिता या परिजन के पास भेजा गया है। जबकि 305 बच्चों को पालन पोषण के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में रखा गया है। 206 बच्चों के बारे में जानकारी दी गई है कि इन्हें बाल कल्याण समिति के हवाले किया गया है। बाल कल्याण समितियों के पास आवासीय भवन होता है, जहां बच्चों को पढ़ने और रहने की सुविधा दी जाती है। भीख मांगते बच्चों में से 635 को स्कूलों से जोड़ने का भी प्रयास किया गया है। केंद्र सरकार ने कहा है कि अब वह भीख मांगने वाले व्यस्कों और बच्चों के लिए केंद्रीय क्षेत्रीय योजना लागू करने जा रही है। माना जा रहा है कि इसके जरिए बड़े पैमाने पर पुनर्वास का काम हो सकेगा।

कहां, कितने बच्चे

चौंकाने वाली बात यह है कि सबसे अधिक उत्तरप्रदेश में 10 हजार 167 बच्चे भीख मांगते मिले हैं और इसके बाद राजस्थान में 7167 और फिर 3396 बच्चे बिहार में पाए गए हैं। लगभग तीन हजार के आंकड़े के आसपास के राज्यों में पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश शामिल हैं। सिक्किम और लक्षद्वीप में केवल एक- एक बच्चा भीख मांगते मिला। इसके विपरीत दादर नगर हवेली, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और पुडुचेरी में एक भी बच्चा नहीं दिखा।

Gopal Rao

गोपाल राव: रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 11 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story