अंबिकापुर से दिल्ली की एयर कनेक्टिविटी: मार्च से अंबिकापुर से दिल्ली के बीच सप्ताह में दो दिन चलेगी फ्लाइट...
CG News: मार्च से सरगुजावासियों के लिए दिल्ली दूर नहीं रहेगी। विमानन कंपनी अलायंस एयर सप्ताह में दो दिन अंबिकापुर से व्हाया बिलासपुर दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। अलायंस एयर ने शेड्यूल जारी कर दिया है।

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
सरगुजा।20 फरवरी 2026| मार्च से सरगुजावासियों के लिए दिल्ली दूर नहीं रहेगी। विमानन कंपनी अलायंस एयर सप्ताह में दो दिन अंबिकापुर से व्हाया बिलासपुर दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। अलायंस एयर ने शेड्यूल जारी कर दिया है। विमानन कंपनी अलायंस एयर द्वारा जारी शेड्यूल पर भरोसा करें तो छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा मार्च के आखिरी सप्ताह से शुरू होगी। अलायंस एयर मां महामाया एयरपोर्ट से हफ्ते में दो दिन सोमवार और बुधवार को दिल्ली के लिए फ्लाइट चलाएगी। यह उड़ान बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। 4500 से 6000 रुपए इसका फेयर हो सकता है।
विमानन कंपनी अलायंस एयर बिलासपुर से दिल्ली के बीच हफ्ते में तीन दिन विमान सेवा की सुविधा दे रही है। तकरीबन दो साल पहले कंपनी के अधिकारी अंबिकापुर एयरपोर्ट में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा ले चुके हैं। अलायंस एयर 72 सीटर ATR विमान का संचालन करेगी।
दिसंबर 2024 में हवाई सेवा की शुरुआत
छत्तीसगढ़ अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से दिसंबर 2024 में हवाई सेवा की शुरुआत हुई थी। उड़ान 4.2 योजना के तहत फ्लाई बिग कंपनी ने मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा से रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा प्रारंभ की थी. लेकिन शुरुआती दिनों में अनियमित उड़ान के कारण यह सेवा केवल छह महीने तक ही चल सकी।
सांसद चिंतामणि ने किया स्वागत
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अलायंस एयर की हवाई सेवा शुरू हो रही है। इंडिगो के साथ भी चर्चा हुई है, दो बार मुख्यमंत्री के साथ बैठक हो चुकी है। इंडिगो रायपुर से अंबिकापुर होते हुए प्रयागराज तक उड़ान शुरू करने की दिशा में प्रयास कर रही है। सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष यह मुद्दा उठाया था।
ये है दरिमा एयरपोर्ट
दरिमा हवाई पट्टी का निर्माण 1950 में हुआ था। WBM सरफेस रनवे की लंबाई 1200 मीटर थी। इसे छोटे विमानों की आवाजाही के लिए बनाया गया था। भारत सरकार की उड़ान योजना में इसे शामिल किया गया। 2021 में सरकार ने 3 सीवीएफआर के मानकों के मुताबिक एयरपोर्ट के विकास को मंजूरी दी। रनवे की लंबाई बढ़ाकर 1800 मीटर कर दी गई है। यहां 72 सीटर विमान का संचालन किया जा सकेगा। मां महामाया एयरपोर्ट का 20 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल उद्घाटन किया।
