Accident News: भीषण सड़क हादसाः अयोध्या दर्शन कर लौट रहे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं की टेम्पो पेड़ से टकराई, तीन की मौत, 15 घायल
Accident News: छत्तीसगढ़ से दर्शन करने निकले श्रद्धालुओं की टेम्पो पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, 15 लोग घायल है। पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है...

Accident News: रायपुर। अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे छत्तीसगढ़ के लोगों से भरी टेम्पो पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, 15 लोग घायल हो गये। घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त टेम्पो में करीब 20 लोग सवार थे।
हादसा मध्यप्रदेश के शहडोल के ब्यौहारी थाना क्षेत्र का है। छत्तीसगढ़ से 20 लोग अयोध्या दर्शन करने के लिए गये थे। सभी दर्शन के बाद टेम्पो सीजी 10 बीपी-8657 में वापस छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान शहडोल जिला के जोरा गांव के पास आज सुबह 5 बजे के आसपास टेम्पो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद टेम्पो में बैठे लोग गाड़ी के बाहर गिर गये। टेम्पो के परखच्चे उड़ गये। वहीँ, हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना के बाद मौके पर ब्यौहारी थाना पुलिस पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए पहले ब्यौहारी अस्पताल लाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज शहडोल रेफर किया गया।
घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, 15 लोग घायल है। घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल है। पुलिस ने मृतकों की पहचान गायत्री कवर 55 वर्ष, मालती पटेल 50 वर्ष, इंदिरा बाई के रूप में की गई। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
थाना प्रभारी अरुण पांडे ने मीडिया को बताया कि तीन महिलाओं की मौत हो गई है। चार की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया है। फिलहाल पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
