महिला जज की कार चोरी: अदालत परिसर से पार्किंग में खड़ी जज की कार हुई पर, सिविल लाइन थाने में दर्ज हुआ कार चोरी का मुकदमा

बिलासपुर, 5 अक्टूबर 2021। पुलिस की कमजोरी के चलते चोरो के हौसले इतने बुलन्द हैं कि अब जिला अदालत परिसर भी सुरक्षित नही रह गया है। आज चोरो ने बिलासपुर जिला अदालत से महिला जज की कार पार कर दी। महिला जज ने इसकी एफआइआर सिविल लाईन थाने में दर्ज करवाई हैं।श्वेता श्रीवास्तव जिला अदालत में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के पद पर पदस्थ हैं।रोजाना वह अपने कार से कोर्ट आना जाना करती हैं।आज दोपहर को जब वह लंच के टाइम तकरीबन दो बजे कोर्ट से निकलीं तो अदालत परिसर में जजो के लिए बनी पार्किंग में खड़ी उनकी कार गायब थी। आस पास पूछताछ करने व काफी खोजबीन करने पर भी नही मिलने पर उन्होंने सिविल लाइन थाने में अपनी कार क्रमांक cg 09 j 5130 चोरी होने की एफआईआर दर्ज करवाई।
पहले भी हो चुकी हैं चोरी,कोर्ट परिसर में नही है सीसीटीवी:-
कोर्ट परिसर में सीसीटीवी न लगे होने का फायदा चोर उठा रहे हैं।इससे पहले भी इसी वर्ष 18 जून 2021की रात्रि को जिला अदालत परिसर स्थित व्यहार न्यायाधीश वर्ग 2 अभिनव ड़हरिया के कोर्ट रूम व अभियोजन शाखा के रूम का आधी रात चोरों ने दरवाजा तोड़ दिया था जिसकी भी एफआईआर करवाई गई है।
नवम्बर 2012 को कोर्ट परिसर में हो चुकी हैं गोलीबारी:-
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी,हत्या के आरोपी जेल में थे और जब उन्हें जेल से अदालत में पेशी में लाया गया था तब जिस व्यक्ति की हत्या हुई है उसके भाई ने बदला लेने की नीयत से कोर्ट में घुस कर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मंसूर अहमद की अदालत में जज के सामने ही चलती पेशी में हत्या के दो आरोपियो को गोली मार दी थी, जिसमे एक आरोपी गम्भीर रूप से घायल हो गया था।गोली मार कर फरार होने वाले आरोपियो में से एक को बाजू के सेल टैक्स परिसर के बाथरूम से ही गिरफ्तार कर लिया गया था तथा अन्य आरोपी बाद में गिरफ्त में आये थे।इस मामले की काफी दिनों तक गहमा गहमी रही थी।
