कैप्टन अमरिंदर बोले: ”मैं भाजपा में नहीं जा रहा लेकिन कांग्रेस में नहीं रहूंगा.. अमित शाह से मुलाक़ात किसान के मसले पर.. “ सिद्धू पर किया करारा तंज

नई दिल्ली,30 सितंबर 2021। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आख़िरकार यह तय कर लिया है कि वे कांग्रेस छोड़ देंगे पर उन्होंने इसके साथ यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वे भाजपा में नहीं जाएँगे। हालाँकि कई मीडिया रिपोर्ट लगातार दावा करती रहीं कि वे भाजपा में जा सकते हैं, कुछ रिपोर्ट में तो उनकी भुमिका भाजपा में क्या होगी इसे लेकर भी पन्ने भर दिए गए। लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इससे इंकार कर दिया है। मामले ने उछाल तब मारा जबकि कपिल सिब्बल के बयान के क़रीब एक घंटे बाद ही कैप्टन अमरिंदर का क़ाफ़िला गृह मंत्री अमित शाह के निवास पर देखा गया।
इस मुलाक़ात के बाद ही क़यासों से लबरेज़ खबरों ने अपनी जगह बनानी शुरु कर दी। लेकिन कैप्टन अमरिंदर ने कल देर शाम ट्वीट किया और स्पष्ट किया कि आख़िर यह मुलाक़ात क्यों हुई। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट में लिखा
”दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की। किसान क़ानून के खिलाफ लंबे समय से चल रहे किसान आंदोलन पर चर्चा की और उनसे फसल विविधीकरण में पंजाब का समर्थन करने के अलावा, कानूनों को निरस्त करने और एमएसपी की गारंटी के साथ संकट को तत्काल हल करने का आग्रह किया।”
कैप्टन अमरिंदर ने इसके साथ हैशटेग किया नो फार्मर्स नो फूड.. याने किसान नहीं तो अनाज नही।
इसके कुछ ही घंटे बाद कैप्टन अमरिंदर ने भविष्य की रणनीति को लेकर दो अहम खुलासे किए, जिसमें एक को तय माना जा रहा था जबकि एक को लेकर क़यासबाजी थी। कैप्टन अमरिंदर ने कहा
”मैं भाजपा में नहीं जा रहा हूँ लेकिन मैं कांग्रेस में नहीं रहूंगा”
इसके साथ ही सिद्धू मसले पर कैप्टन अमरिंदर ने कहा
”वह बचपने से भरा व्यक्ति है.. हम एक्टरों को बुलाते हैं क्यों कि वे भीड़ को आकर्षित करते हैं भीड़ का मनोरंजन करते हैं पर इसके मायने यह नहीं है कि वे वोट दिलाते हैं”
