Stock Market Crash Today: शेयर बाजार में 'ब्लैक थर्सडे', सेंसेक्स 2400 अंक से ज्यादा धड़ाम, एक झटके में इन्वेस्टर्स के 12 लाख करोड़ स्वाहा

Stock Market Crash Today: शेयर बाजार में ब्लैक थर्सडे, सेंसेक्स 2400 अंक से ज्यादा धड़ाम, एक झटके में इन्वेस्टर्स के 12 लाख करोड़ स्वाहा
X

फोटो AI जेनरेटेड 

Stock Market Crash Today: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को ब्लैक थर्सडे। ईरान युद्ध, HDFC बैंक न्यूज़ और अमेरिकी फेड के फैसले से सेंसेक्स 2496 अंक टूटा। निवेशकों के 12 लाख करोड़ खाक।

Stock Market Crash Today: भारतीय शेयर बाजार के लिए गुरुवार का दिन 'ब्लैक थर्सडे' साबित हुआ है। मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच भड़कती जंग और ग्लोबल मार्केट के नेगेटिव सेंटीमेंट के कारण आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 2,496 अंक टूटकर 74,207 के निचले स्तर पर बंद हुआ। इस भारी बिकवाली की सुनामी में निवेशकों के करीब 12 लाख करोड़ रुपये एक झटके में स्वाहा हो गए हैं। पिछले तीन ट्रेडिंग सेशन से बाजार में जो रिकवरी दिख रही थी, वह आज पूरी तरह से धुल गई।

निफ्टी फिफ्टी औंधे मुंह गिरा, HDFC बैंक ने बढ़ाया पैनिक

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी फिफ्टी भी इस हाहाकार से बच नहीं सका और 775 अंकों का गोता लगाकर 23,002 के लेवल पर आ गिरा। बाजार के इस बड़े क्रैश में सबसे तगड़ा झटका बैंकिंग और ऑटो सेक्टर को लगा है। एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे की अचानक आई खबर ने इन्वेस्टर्स के बीच पैनिक पैदा कर दिया जिससे देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक का शेयर पांच पर्सेंट से ज्यादा टूट गया। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एलएंडटी जैसे दिग्गज लार्जकैप स्टॉक्स में भी भारी बिकवाली देखी गई जिसने पूरे मार्केट को लाल निशान में धकेल दिया।

मिडिल ईस्ट का युद्ध और 111 डॉलर के पार निकला क्रूड ऑयल

दलाल स्ट्रीट पर मचे इस भयंकर कोहराम की सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट का बढ़ता जियो-पॉलिटिकल टेंशन है। ईरान द्वारा कतर के दुनिया के सबसे बड़े एलएनजी हब 'रास लफान' पर मिसाइल हमले और जवाब में अमेरिका-इजरायल के एक्शन ने ग्लोबल सप्लाई चेन को डरा दिया है। युद्ध के इस खौफनाक मोड़ की वजह से इंटरनेशनल मार्केट में ब्रेंट क्रूड उछलकर 111 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। कच्चे तेल में लगी इस आग से भारत जैसी इमर्जिंग इकोनॉमीज में भयंकर इन्फ्लेशन बढ़ने का डर सताने लगा है जिससे विदेशी निवेशकों ने भारतीय इक्विटी से अपना पैसा तेजी से निकालना शुरू कर दिया है।

अमेरिकी फेड का फैसला और एशियाई बाजारों में मची भगदड़

इस ग्लोबल क्राइसिस के बीच अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने भी इन्वेस्टर्स का मूड पूरी तरह से खराब कर दिया है। फेड चेयरमैन ने ब्याज दरों में कोई कटौती नहीं की है और चेतावनी दी है कि युद्ध के कारण महंगाई और बेकाबू हो सकती है। अमेरिकी फेड के इस सख्त रुख का सीधा असर पूरे एशियाई बाजारों पर दिखा जहां सुबह से ही भगदड़ मची रही। जापान का निक्केई, हांगकांग का हेंग सेंग और दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी तीन पर्सेंट तक क्रैश हो गए जिसका सीधा खामियाजा आज भारतीय रिटेल और इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स को भारी नुकसान के रूप में भुगतना पड़ा है।

Tags

Next Story