ये होंगे देश के अगले सेना प्रमुख, नियुक्ति को सरकार ने दी हरी झंडी...जनरल नरवणे की लेंगे जगह

नईदिल्ली 18 अप्रैल 2022. लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे देश के नये सेना प्रमुख नियुक्त किये गये हैं. 30 अप्रैल को वह जनरल एमएम नरवणे की जगह लेंगे. सरकार ने लेफ्टिनेंट मनोज पांडे की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. वर्तमान सेना प्रमुख जनरल नरवणे इसी महीने के अंत में रिटायर हो रहे हैं. मनोज मुकुंद नरवणे के बाद लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे सेना में सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं.
लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को दिसंबर 1982 में कोर ऑफ इंजीनियर्स में कमीशन दिया गया था. वह स्टाफ कॉलेज, केम्बरली (यूके) से स्नातक हैं और उन्होंने आर्मी वॉर कॉलेज, महू और दिल्ली में नेशनल डिफेंस कॉलेज में हायर कमांड कोर्स में भी भाग लिया था. लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे ने अपनी 37 साल की सेवा में ऑपरेशन विजय और ऑपरेशन पराक्रम में सक्रिय भाग लिया है.
पिछले तीन महीनों में कुछ शीर्ष अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद पांडे सबसे वरिष्ठ बन गए हैं. लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला, जो सेना के प्रशिक्षण कमान (एआरटीआरएसी) की कमान संभाल रहे थे, 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो गए. कुछ अन्य वरिष्ठ जनवरी के अंत तक सेवानिवृत्त हो गए. लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती और लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए थे.अपने 39 साल के सैन्य करियर में, लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे ने पश्चिमी थिएटर में एक इंजीनियर ब्रिगेड, एलओसी पर पैदल सेना ब्रिगेड, लद्दाख सेक्टर में एक पर्वतीय डिवीजन और उत्तर-पूर्व में एक कोर की कमान संभाली है. पूर्वी कमान का कार्यभार संभालने से पहले वह अंडमान और निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ का कार्यभार संभाल चुके हैं.
बता दें, हेलीकाप्टर हादसे में देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद से अभी तक प्रमुख रक्षा अध्यक्ष का पद भी रिक्त है. अगला अगला चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) कौन होगा इस पर फैसला नहीं हो पाया है.
