Begin typing your search above and press return to search.

Chhattisgarh Chief Secretary: अरुण कुमार से लेकर अमिताभ जैन तक, छत्तीसगढ़ बनने के बाद 12 मुख्य सचिव हुए, जानिये सभी 12 मुख्य सचिवों का कार्यकाल कौन कब-से-कब तक रहे

Chhattisgarh Chief Secretary: 1 नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश से अलग होकर बने छत्तीसगढ़ में 25 साल में 12 आईएएस अधिकारी मुख्य सचिव बने हैं। इनमें सबसे लंबे समय तक मुख्य सचिव रहने का रिकार्ड वर्तमान चीफ सिकरेट्री अमिताभ जैन के नाम दर्ज है तो सबसे कम समय सुनील कुजूर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के वे पहले मुख्य सचिव रहे, जिन्होंने एक साल भी पूरा नहीं किया।

Chhattisgarh Chief Secretary: अरुण कुमार से लेकर अमिताभ जैन तक, छत्तीसगढ़ बनने के बाद 12 मुख्य सचिव हुए, जानिये सभी 12 मुख्य सचिवों का कार्यकाल कौन कब-से-कब तक रहे
X
By Gopal Rao



Chhattisgarh Chief Secretary: रायपुर। मुख्य सचिव राज्य का प्रशासनिक मुखिया होता है। इसलिए भारतीय सिस्टम में मुख्य सचिव के पद को बेहद पावरफुल माना गया है। मुख्य सचिव कैबिनेट का पदेन सिकरेट्री होता है। कैबिनेट की बैठक को आयोजित करने से लेकर उसमें मुद्दों का प्रस्तुतकर्ता भी होता है। मुख्यमंत्री तक जाने वाली सभी फाइलें मुख्य सचिव से होकर गुजरती है। कार्यपालिका का प्रमुख होने की वजह से उसे काफी अधिकार दिए गए हैं।

छत्तीसगढ़ में चार मुख्यमंत्री 12 मुख्य सचिव

छत्तीसगढ़ के 25 साल में छह सरकारें और चार मुख्यमंत्री हुए। पहले कार्यकाल में अजीत जोगी मुख्यमंत्री रहे। अजीत जोगी को नवंबर 2000 से लेकर नवंबर 2003 तक दो मुख्य सचिव बनाने का मौका मिला। अरुण कुमार और एसके मिश्रा को। इसके बाद तीन बार बीजेपी की सरकार बनी और मुख्यमंत्री डॉ0 रमन सिंह थे। दिसंबर 2003 से लेकर दिसंबर 2018 तक मुख्यमंत्री रहे डॉ0 रमन सिंह को 15 साल में सात मुख्य सचिव बनाने का अवसर मिला। इनमें एके विजयवर्गीय, आरपी बगाई, शिवराज सिंह, पी0 जॉय उम्मेन, सुनिल कुमार, विवेक ढांड और अजय सिंह शामिल हैं। इसके बाद दिसंबर 2018 में आई कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुनील कुजूर, आरपी मंडल और अमिताभ जैन को मुख्य सचिव बनाया। दिसंबर 2023 में बीजेपी की सरकार बनीं। मुख्य सचिव अमिताभ जैन अभी कंटीन्यू कर रहे हैं। 30 सितंबर को उनका कार्यकाल समाप्त होगा तो विकास शील राज्य के 13वें मुख्य सचिव होंगे। आईये जानते हैं, छत्तीसगढ़ के सभी 12 मुख्य सचिवों का कार्यकाल कब से कब तक रहा।


1. अरुण कुमार-2 साल 3 महीने

मध्यप्रदेश से अलग होकर एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ बनने के बाद अरुण कुमार को पहला मुख्य सचिव बनाया गया था। पहले मुख्य सचिव का कार्यकाल दो साल तीन महीने रहा। उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य के अस्तित्व में आने के दो दिन पहले 30 अक्टूबर को मुख्य सचिव घोषित कर दिया गया था। 31 अक्टूबर की आधी रात से उन्हें चीफ सिकरेट्री बनाया गया और 31 जनवरी 2003 को वे रिटायर हुए।


2. सुयोग्य कुमार मिश्रा-17 महीने

अरुण कुमार के रिटायर होने के बाद 1968 बैच के आईएएस अधिकारी सुयोग्य मिश्रा को अजीत जोगी सरकार ने छत्तीसगढ़ का दूसरा मुख्य सचिव नियुक्त किया। एसके मिश्रा 31 जनवरी 2003 को मुख्य सचिव बनें और 20 जून 2004 तक याने 17 महीने इस पद पर रहे। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन बनने के लिए उन्होंने समय से पहले वीआरएस ले लिया।


3. एके विजयवर्गीय-16 महीने

एसके मिश्रा के स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद रमन सिंह सरकार ने 1969 बैच के आईएएस अधिकारी अशोक कुमार विजयवर्गीय को छत्तीसगढ़ का तीसरा मुख्य सचिव अपाइंट किया। इससे पहले वे एसीएस वित्त थे। विजयवर्गीय 01 जुलाई 2004 से लेकर 07 नवंबर 2005 तक करीब 16 महीने मुख्य सचिव रहे। छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्य सूचना आयुक्त बनने के लिए उन्होंने रिटायरमेंट से चार महीने पहले वीआरएस ले लिया था।


4. आरपी बगाई-15 महीने

एके विजयवर्गीय के वीआरएस लेने के बाद रमन सिंह सरकार ने 1970 बैच के आईएएस अधिकारी आरपी बगई को छत्तीसगढ़ का चौथा मुख्य सचिव नियुक्त किया। बगाई को 7 नवंबर 2005 को मुख्य सचिव बनाया गया और 31 जनवरी 2007 तक करीब 15 महीने मुख्य सचिव के पद पर रहे। आरपी बगाई की मुख्य सचिव के पद से विदाई सरकार से बिगड़े संबंधों की वजह से असहज स्थिति में हुई। आईएएस एसोसियेशन ने उन्हें विदाई भी नहीं दी।


5. शिवराज सिंह-19 महीने

आरपी बगाई रिटायर होने के बाद रमन सिंह सरकार ने 1973 बैच के आईएएस शिवराज सिंह को छत्तीसगढ़ का पांचवा मुख्य सचिव बनाया। शिवराज सिंह को मुख्य सचिव बनाने के लिए तीन सीनियर आईएएस अधिकारियों को सुपरसीड किया गया। इनमें बीकेएस रे, पी0 राघवन और बीके कपूर शामिल थे। शिवराज सिंह की 31 जनवरी 2007 को नियुक्ति हुई और 31 जुलाई 2008 तक याने पूरे 19 महीने वे छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव के पद पर रहे।


6. पी. जॉय उम्मेन-3 साल महीने

शिवराज सिंह के बाद रमन सिंह सरकार ने 1977 बैच के आईएएस अफसर पी0 जॉय उम्मेन को छत्तीसगढ़ का छठवां मुख्य सचिव बनाया। उम्मेन को भी शिवराज सिंह की तरह बीकेएस रे, पी0 राघवन और बीके कपूर को सुपरसीड कर प्रशासनिक मुखिया की कुर्सी पर बिठाया गया। उम्मेन 31 जुलाई 2008 को मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया और 7 फरवरी 2012 तक पद पर रहे। छत्तीसगढ़ के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्य सचिवों में वे तीसरे नंबर पर हैं। सुनिल कुमार को मुख्य सचिव बनाने से नाराज होकर उम्मेन ने रिटायरमेंट से पहले वीआरएस ले लिया था। वरना, वे चार साल पूरा कर लेते। उम्मेन की मुख्य सचिव पद से विदाई सम्मानजनक रही। वे छुट्टी में गृह राज्य केरल गए थे, तो उन्हें पद से हटा दिया गया।


7. सुनिल कुमार-2 साल 20 दिन

पी. जॉय उम्मेन को हटाकर रमन सिंह सरकार ने 1979 बैच के आईएएस सुनिल कुमार को सेंट्रल डेपुटेशन से बुलाकर छत्तीसगढ़ का सातवां मुख्य सचिव बनाया। सुनिल को मुख्य सचिव बनाने के लिए नारायण सिंह को सुपरसीड किया गया। नारायण उनसे एक बैच सीनियर थे। सुनिल 7 फरवरी 2012 से 28 फरवरी 2014 तक इस पद पर रहे। उनके मुख्य सचिव रहते ही 2013 का विधानसभा चुनाव हुआ था।


8. विवेक ढांड-3 साल 10 महीने 11 दिन

सुनील कुमार के बाद रमन सिंह सरकार ने छत्तीसगढ़ मूल के 1981 बैच के आईएएस विवेक ढांढ को राज्य का आठवां मुख्य सचिव बनाया। विवेक ढांढ 28 फरवरी 2014 11 जनवरी 2018 तक छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव पद पर रहे। रेरा का प्रथम चेयरमैन बनने के लिए विवेक ढांड ने रिटायरमेंट से करीब दो महीने पहले वीआरएस ले लिया। विवेक ढांड तीन साल 10 महीने 11 दिन मुख्य सचिव रहे।


9. अजय सिंह-11 महीने 22 दिन

विवेक ढांड के वीआरएस लेने के बाद रमन सिंह सरकार ने 1983 बैच के आईएएस अजय सिंह को छत्तीसगढ़ का नौंवा मुख्य सचिव बनाया। वे 11 जनवरी 2018 से लेकर 02 जनवरी 2019 तक इस पद पर रहे। याने करीब 11 महीने 22 दिन। हालांकि, उनका कार्यकाल 2020 तक था। मगर दिसंबर 2018 में बनी कांग्रेस सरकार ने 02 जनवरी 2019 को उन्हें हटा दिया।


10. सुनील कुजूर-10 महीने

अजय सिंह के बाद भूपेश बघेल सरकार ने 1986 बैच के आईएएस सुनील कुजूर को छत्तीसगढ़ का दसवां मुख्य सचिव नियुक्त किया। सुनील कुजूर 02 जनवरी 2019 से लेकर 31 अक्टूबर 2019 तक याने करीब 10 महीने इस पद पर रहे। इसके बाद वे रिटायर हो गए। छत्तीसगढ़ के सबसे कम समय तक के मुख्य सचिव रहे।


11. आरपी मंडल-13 महीने

सुनील कुजूर के रिटायर होने के बाद भूपेश बघेल सरकार ने 1987 बैच के आईएएस आरपी मंडल को छत्तीसगढ़ का ग्यारहवां मुख्य सचिव बनाया। उन्हें मुख्य सचिव बनाने सीके खेतान को सुपरसीड किया गया। खेतान बैच वाइज मंडल से सीनियर थे। आरपी मंडल 31 अक्टूबर 2019 से लेकर 31 अक्टूबर 2020 तक याने 13 महीने मुख्य सचिव रहे। इसके बाद वे रिटायर हो गए।


12. अमिताभ जैन-4 साल 10 महीने

आरपी मंडल के रिटायर होने के बाद भूपेश बघेल सरकार ने 1989 बैच के आईएएस अमिताभ जैन को छत्तीसगढ़ का 12वां मुख्य सचिव बनाया। अमिताभ इस महीने 30 सितंबर को रिटायर होंगे। अमिताभ 30 जून को रिटायर हो गए होते मगर रिटायरमेंट से घंटा भर पहले भारत सरकार ने उन्हें तीन महीने का एक्सटेंशन दे दिया था। अमिताभ छत्तीसगढ़ के पहले मुख्य सचिव होंगे, जिन्हें केंद्र सरकार से तीन महीने का एक्सटेंशन मिला। वे 30 नवंबर 2020 को मुख्य सचिव बने और 30 जून 2025 उनके रिटायरमेंट तक उनका कार्यकाल था। मगर तीन महीने के एक्सटेंशन से वे 30 सितंबर 2025 को रिटायर होंगे। याने चार साल 10 महीने का उनका कार्यकाल रहा। अमिताभ जैन के अलावा और किसी मुख्य सचिव का कार्यकाल चार साल से उपर नहीं गया। तीन साल से उपर वाले में सिर्फ विवेक ढांड और पी0 जॉय उम्मेन रहे।

अब तक के चीफ सेक्रेट्री और उनका कार्यकाल

1. अरुण कुमार:- 30 अक्टूबर 2000 से 31 जनवरी 2003

2. सुयोग्य कुमार मिश्रा:- 31 जनवरी 2003 से 30 जून 2004

3. एके विजयवर्गीय:- 01 जुलाई 2004 से 07 नवंबर 2005

4. आरपी बगई:- 07 नवंबर 2005 से 31 जनवरी 2007

5. शिवराज सिंह:- 31 जनवरी 2007 से 31 जुलाई 2008

6. पी.जाय उम्मेन:- 31 जुलाई 2008 से 07 फरवरी 2012

7. सुनील कुमार:- 07 फरवरी 2012 से 28 फरवरी 2014

8. विवेक ढांढ:- 28 फरवरी 2014 से 11 जनवरी 2018

9. अजय सिंह:- 11 जनवरी 2018 से 02 जनवरी 2019

10. सुनील कुजूर:- 02 जनवरी 2019 से 31 अक्टूबर 2019

11. आरपी मंडल:- 31 अक्टूबर 2019 से 30 नवंबर 2020

12. अमिताभ जैन:- 30 नवंबर 2020 से अब तक

Gopal Rao

गोपाल राव: रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 8 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story