Begin typing your search above and press return to search.

आशुतोष पांडेय अखिल भारतीय राज्य प्रशासनिक फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रुचि शर्मा देशभर के बेस्ट प्रैक्टिस पर निकालेंगी मैगजीन

आशुतोष पांडेय अखिल भारतीय राज्य प्रशासनिक फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रुचि शर्मा देशभर के बेस्ट प्रैक्टिस पर निकालेंगी मैगजीन
X
By NPG News

रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष पांडेय को अखिल भारतीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है. उन्हें अखिल भारतीय राज्य प्रशासनिक फेडरेशन का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, छत्तीसगढ़ की डिप्टी कलेक्टर रुचि शर्मा को देशभर में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के अच्छे कार्यों को प्रकाशित करने की जिम्मेदारी दी गई है. राजस्थान के गौरव बजाड़ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं.

राजस्थान के जयपुर में फेडरेशन की 16 वीं बैठक हुई. इसमें शामिल होने के लिए देशभर के 20 राज्यों के सदस्य उपस्थित हुए. इनमें दक्षिण से तमिलनाडु, कर्नाटक से लेकर नार्थ ईस्ट के राज्य, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़ जैसे सभी राज्यों से प्रशासनिक सेवा के प्रतिनिधि शामिल हुए थे.

बैठक में देश के विभिन्न राज्यों में राज्य प्रशासनिक सेवाओं की विसंगतियों को दूर करते हुए राज्य के उत्थान के साथ-साथ अखिल भारतीय एकरूपता स्थापित करने व सेवा कार्यों में आने वाली दिक्कतों से दूर करने पर मंथन किया गया. जिन समस्याओं पर चर्चा हुई उन्हें दूर करने के लिए जरूरी मार्गदर्शन के अलावा अखिल भारतीय भावना उत्पन्न करते हुए नवाचार और राज्यों में चलने वाले विभिन्न योजनाओं के प्रचार पर भी चर्चा हुई.

इस कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने एकीकृत विकास की रूपरेखा और राष्ट्रीय विकास की मानसिक तैयारी पर जोर देने के लिए राज्य प्रशासनिक सेवा आल इंडिया फेडरेशन की कार्यों को सराहा और राज्य सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग करने का आश्वाशान दिया.

राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने सम्बोधित करते हुए राज्य सेवा के प्रशासनिक अधिकारियों को राज्य के जनता से जुड़ाव और सरकारी योजना क्रियांवयन के योगदानो के लिए सन ऑफ सॉइल की संज्ञा देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया और इस प्रकार के बैठकों को भूमि विवाद और सेवाओं में आवश्यक सुधार के लिए नवाचारों के लिए जरूरी बताया.

उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने इस आयोजन की बधाई दी और राज्य विकास के रीढ़ के रूप मे राज्य प्रशासनिक सेवकों के योगदानो को कई उदाहरणों से सराहा. जमीनी स्तर पर राज्य प्रशासनिक अधिकारी वास्तव मे शासन का चेहरा होता है जो जनता को सरकार से रूबरू कराती है.

इस कार्यशाला में कई विद्वानों का व्याख्यान हुआ, जिसके माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के विकासवादी दृश्टिकोण पर चर्चा भी हुई. कई राज्यों में चल रही विशेष योजनाओं पर भी परिचर्चा हुई.

इस बैठक को राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष सीपी जोशी ने भी संबोधित किया. उन्होंने विधायिका और कार्यपालिका संबंधों के आधार पर कार्यपालिका के महत्वपूर्ण छोर के रूप में राज्य प्रशासनिक सेवकों के कार्यों को लेखांकन करते हुए उत्साह वर्धन किया. राजस्थान विधानसभा में निर्मित म्यूजियम और अत्याधुनिक प्रदर्शनी को देखने का निमंत्रण सभी सदस्यों को दिया.

छत्तीसगढ़ के सदस्यों के द्वारा राजस्थान में स्थापित आरएएस क्लब का भी निरीक्षण किया गया. राजस्थान राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के द्वारा एक 4 स्टार होटल की सुविधाओं के समान 55 करोड़ की लागत से निर्मित एक क्लब हाउस की स्थापना की गई है, जिसके माध्यम से राज्य में प्रशासनिक सेवकों की गतिविधि संचालित की जाती है.

छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों के द्वारा छत्तीसगढ़ में स्थापित हो रहे राज्य प्रशासनिक सेवा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की भी विस्तार पूर्वक चर्चा की गई, जिसमें राज्य प्रशासनिक सेवकों के 100 सदस्यों हेतु आवासीय प्लॉट कॉलोनी स्थापित की जा रही है, की जानकारी दी गई.

Next Story