Balod News: कलेक्टर धान खरीदी केंद्र के जायजे में निकलीं, लापरवाही पर समिति प्रबंधक और सहायक अभियंता निलंबित...
Balod News: धान खरीदी केंद्र के औचक निरीक्षण में निकली कलेक्टर को खरीदी केंद्र में व्यवस्था में खामियां मिलीं। जिस पर समिति प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है। वही नोडल अधिकारी का चार्ज सम्हाल रहे सहायक अभियंता को भी एस्मा के तहत निलंबित करने के निर्देश दिए है। वही स्कूल के दौरे के दौरान कलेक्टर ने एक छात्रा की चोटी बनाई,जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है और लोग कलेक्टर के ममतामयी अंदाज की सराहना कर रहे है।

Balod News: बालोद। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य का जायजा लेने जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों में दबिश दी। उन्होंने गुंडरदेही विकासखंड के पैरी, सिकोसा, रेंगाकठेरा एवं कचांदुर में धान खरीदी के कार्य सहित संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सिकोसा में किसानों के धान खरीदी के बाद स्टेक में रखे गए लगभग 2100 बारदानों पर स्टेनसील नहीं लगाने एवं धान खरीदी केंद्र में व्यवस्था संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर नाराजगी जताई।
इसके लिए तत्कालीन समिति प्रबंधक एवं ग्राम पंचायत सचिव देवेन्द्र देवांगन को एस्मा के तहत तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिकोसा के नोडल अधिकारी भूमिका सिंगारे एवं निगरानी दल के सदस्य एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सुनील साहू के अलावा वर्तमान समिति प्रबंधक खेमराज साहू को एस्मा के तहत कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सिकोसा के समिति प्रबंधक खेमराज साहू को स्टेक में रखे गए सभी बारदानों पर स्टेनसील लगाने सहित केन्द्र की सभी व्यवस्थाओं को 26 नवंबर तक दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इन्हें भी नोटिस जारी किया
उन्होंने निगरानी दल के सदस्य एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रियंका जांगड़े एवं समिति प्रबंधक आरपी सिन्हा को एस्मा के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ग्राम रेंगाकठेरा स्थित धान उपार्जन केन्द्र गुंडरदेही की व्यवस्था संतोषप्रद नहीं पाए जाने एवं धान खरीदी के बाद स्टेकिंग किए लगभग 5500 बारदानों में स्टेनसील नहीं लगाने और धान की गुणवत्ता सही नहीं पाए जाने पर नाराजगी जताई। इसके लिए गुंडरदेही के नोडल अधिकारी एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के सहायक अभियंता युगल किशोर साहू को लगातार अनुपस्थित रहने और लापरवाही बरतने पर एस्मा के तहत निलंबित करने के निर्देश दिए।
गेट पर ही किसानों के धान की करें जांच
उन्होंने सभी धान खरीदी केन्द्रों में साफ-सुथरा एवं गुणवत्तायुक्त धान की खरीदने के निर्देश दिए। उन्होेंने केन्द्रों के गेट पर ही किसानों के धान की समुचित जांच के बाद ही धान को खरीदी केन्द्र में अनुमति देने कहा। इस दौरान जिला पंचायत के मुय कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, एसडीएम प्रतिमा ठाकरे झा, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं आरके राठिया आदि उपस्थित थे।
स्कूल के निरीक्षण में दिखा महिला कलेक्टर का ममतामयी अंदाज
डौंडी विकासखंड के प्राथमिक शाला गुदुम में भी कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने औचक निरीक्षण किया। यहां कलेक्टर दिव्या मिश्रा की नजर एक छात्रा पर पड़ी जिसकी चोटी खुली हुई थी। कलेक्टर ने हंसते हुए बच्ची को पास बुलाया और मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या किसी से लड़ाई हुई है,जो चोटी खुली है। बच्ची ने शर्मा कर नहीं में सर हिलाया। फिर कलेक्टर ने ममता दिखाते हुए छात्रा की चोटी संवार दी। स्कूल के शिक्षक और बच्चे इस दृश्य को देख अभिभूत हो गए। सोशल मीडिया पर यह वीडियो होने लगा है। जहां कलेक्टर दिव्या मिश्रा ममतामयी अंदाज की लोग प्रशंसा कर रहे हैं।
