Begin typing your search above and press return to search.

बुमराह ने बनाया ये खास रिकॉर्ड, इस दिग्गज कप्तान को छोड़ा पीछे…

बुमराह ने बनाया ये खास रिकॉर्ड, इस दिग्गज कप्तान को छोड़ा पीछे…
X
By NPG News

नईदिल्ली 6 सितंबर 2021. भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में अपने टेस्ट विकेटों की संख्या 100 पहुंचा दी है। उन्होंने यह कारनामा इंग्लैंड के बल्लेबाज ओली पोप को क्लीन बोल्ड आउट कर हासिल की। खास बात यह है कि इस विकेट के साथ ही बुमराह अब सबसे तेज 100 टेस्ट विकेट लेने भारतीय फास्ट बॉलर बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने महान कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ा है। कपिल अपने करियर के 25वें टेस्ट मैच में 100 विकेट के आंकड़े तक पहुंचे थे, जबकि बुमराह ने यह कारनामा 24वें मैच में ही कर दिया है।

भारतीय तेज गेंदबाजों में जिन अन्य बॉलरों ने सबसे तेज 100 विकेट झटके हैं, उसमें इरफान पठान, मोहम्मद शमी, जवागल श्रीनाथ और ईशांत शर्मा का नाम शामिल है। पठान ने यह कारनामा 28, शमी ने 29, श्रीनाथ ने 30 जबकि ईशांत ने 33 मैचों में किया था। भारत के लिए सबसे तेज 100 विकेट लेने का रिकॉर्ड स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के नाम है। जिन्होंने सिर्फ 18 टेस्ट मैच में यह मुकाम हासिल किया था।

भारत के लिए सबसे तेज 100 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात की जाए तो यहां टॉप के सात गेंदबाजों में स्पिनर ही हैं। अश्विन के बाद ईरापल्ली प्रसन्ना (20 टेस्ट), अनिल कुम्बले (21 टेस्ट), भागवत चंद्रशेखर (22 टेस्ट), सुभाष गुप्ते (22 टेस्ट) प्रज्ञान ओझा (22 टेस्ट), वीनू मांकड़ (23 टेस्ट) और रविंद्र जडेजा (24 टेस्ट) के नाम बुमराह से पहले हैं। बुमराह ने अपने इन 100 विकेट में से 96 विकेट विदेशी धरती पर झटके हैं। भारत में उन्होंने सिर्फ 4 विकेट ही हासिल किए हैं। बुमराह ने अपने करियर में अब तक छह बार पारी में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया है।

Next Story