Begin typing your search above and press return to search.

Chhattisgarh By Election: छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा का एक और उपचुनाव..? विद्यारतन भसीन के निधन के बाद पढ़िए एक्‍सपर्ट क्‍या कहते हैं...?

Chhattisgarh By Election: छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा का एक और उपचुनाव..? विद्यारतन भसीन के निधन के बाद पढ़िए एक्‍सपर्ट क्‍या कहते हैं...?
X
By Sanjeet Kumar

रायपुर। भाजपा विधायक विद्यारतन भसीन के निधन की वजह से दुर्ग जिला की वैशालीनगर सीट खाली हो गई है। 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद दिवंगत होने वाले भसीन पांचवें विधायक हैं। इसके साथ ही इस सीट पर उपचुनाव (CG by election) को लेकर अटकले लगनी शुरू हो गई है। यदि वहां उपचुनाव होता है तो यह पांच वर्ष के दौरान यह छठवां उपचुनाव होगा।

इधर, इसी वर्ष नवंबर- दिसंबर में विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में वैशालीनगर सीट पर उपचुनाव को लेकर सवाल हो रहे हैं। एक्‍सपर्ट के जरिये हमने इस सवाल का जवाब खोजने का प्रयास किया है। आईए विस्‍तार से बताते हैं कि वैशाली नगर सीट पर उपचुनाव होगा या नहीं।



किन पर‍िस्थितियों में होता है किसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव

संविधान के जानकारों के अनुसार कोई भी विधानसभा सीट छह महीने से ज्‍यादा खाली नहीं रह सकती। यानी किसी सीट से निर्वाचित विधायक के इस्‍तीफ देने या निधन के छह महीने के भीतर चुनाव कराना जरुरी है। इस छह महीने की समय सीमा की गणना विधानसभा से सीट रिक्‍त होने की अधिसूचना जारी होने के दिनांक से की जाती है।

क्‍या वैशालीनगर सीट पर उप चुनाव होगा

यही सवाल हमने राज्‍य के पूर्व निर्वाचन आयुक्‍त डॉ. सुशील त्रिवेदी से किया। उन्‍होंने कहा कि वैशाली नगर सीट पर उपचुनाव की संभावना नहीं बन रही है। 23 जून को वहां के मौजूद विधायक का निधन हुआ है। दो-तीन दिन में इसकी अधिसूचना जारी होगी। डॉ. त्रिवेदी के अनुसार इस वर्ष नवंबर- दिसंबर में विधानसभा का चुनाव होना है। इस चुनाव के लिए अधिसूचना अक्‍टूबर में जारी हो जाएगी। ऐसे में वैशाली नगर सीट में उपचुनाव नहीं ही होगा।





जानिए 2018 के बाद से अब तक कितने हो चुके CG by election

2018 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद से अब तक विधानसभा की पांच सीटों पर उप चुनाव हो चुके हैं।

- 2018: सबसे पहले चित्रकोट विधानसभा सीट पर उप चुनाव हुआ। 2018 में वहां से विधायक चुने गए कांग्रेस के दीपक बैज के 2019 में बस्‍तर से सांसद चुने जाने के बाद उन्‍होंने विधानसभा से इस्‍तीफा दे दिया। इसके बाद वहां उप चुनाव कराया गया।

- 2019: बस्‍तर संभाग की ही दंतेवाड़ा सीट से विधायक चुने गए भाजपा के भीमा मंडावी की नक्‍सली हमले में मौत की वजह से वहां 2019 में ही उप चुनाव करना पड़ा।

- 2020: इसके अगले वर्ष यानी 2020 में पूर्व मुख्‍यमंत्री अजीत जोगी का निधन हो गया। जोगी मरवाही सीट से विधायक थे। उनके निधन के बाद नवंबर 2020 में वहां उप चुनाव कराया गया।

- 2022: जोगी की ही पार्टी जनता कांग्रेस छत्‍तीसगढ़ के विधायक देवव्रत सिंह का नवंबर 2021 में दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया। इसकी वजह से रिक्‍त हुई खैरागढ़ विधानसभा सीट पर अप्रैल 2022 में उपचुनाव कराया गया।

- 2022: कांग्रेस जिला की भानुप्रातापुर सीट से कांग्रेस विधायक और विधानसभा के उपाध्‍यक्ष मनोज सिंह मंडावी का अक्‍टूबर 2022 में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इसके बाद दिसंबर 2022 में वहां उपचुनाव कराया गया।

इन विधायकों का हुआ निधन

- नौ अप्रैल 2019: दंतेवाड़ा से भाजपा विधायक भीमा मंडावी की 2019 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान नक्‍सली हमले में मौत हो गई थी।

- 29 मई 2020: मरवाही सीट से जनता कांग्रेस छत्‍तीसगढ़ के विधायक रहे पूर्व मुख्‍यमंत्री अजीत जोगी की बीमारी की वजह से मौत हो गई।

- चार नवंबर 2021: जनता कांग्रेस छत्‍तीसगढ़ के ही खैरागढ़ से विधायक रहे देवव्रत सिंह का दिल का दौरा पड़ने की वजह से निधन हो गया।

- 16 अक्‍टूबर 2022: अंतागढ़ से कांग्रेस विधायक और विधानसभा के उपाध्‍यक्ष मनोज मंडावी का दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story