23 के बाद होगा कैबिनेट का विस्तार, कांग्रेस के दो विधायकों को मिलेगा मंत्री पद

पटना। कैबिनेट विस्तार की चर्चा के बीच कांग्रेस विधायकों के मन में लड्डू फूट रहे हैं, लेकिन किसका नंबर लगेगा यह अभी तय नहीं है। इस वजह से दावेदारों की धड़कने भी तेज हो गई हैं। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के अनुसार नीतीश कैबिनेट में अभी कांग्रेस के दो विधायक हैं। कैबिनेट के प्रस्तावित विस्तार में पार्टी के दो और विधायकों को मंत्री पद मिलेगा।
23 जून के बाद होगा कैबिनेट का विस्तार
नीतीश कैबिनेट का विस्तार 23 जून के बाद होने की संभावना है। बताते चले कि 23 जून को पटना में भाजपा और एनडीए विरोधी दलों की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्ल्किार्जुन खड़गे और राहुल गांधी भी शामिल होंगे। पार्टी नेताओं के अनुसार खड़गे और राहुल विपक्षी दलों की बैठक में जाने से पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के नेताओं से चर्चा करेंगे। बता दें कि बिहार में कांग्रेस के कुल 19 विधायक हैं। प्रस्तावित विस्तार में आरजेडी के भी एक विधायक को मंत्री पद मिल सकता है।
मांझी के अलग होने के बाद बदला समीकरण
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के सरकार से बाहर होने के बाद से समीकरण बदला हुआ है। हम पार्टी से मंत्री रहे मांझी के बेटे संतोष सुमन ने हाल ही में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। मांझी का आरोप है कि नीतीश उन पर पार्टी को जदयू में मर्ज करने के लिए दबाव बना रहे थे। इसी वजह से उन्होंने सरकार से अलग होने का फैसला किया है।

संजीत कुमार: छत्तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्कृष्ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्कृत। सांध्य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्टेट ब्यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।
-
Home
-
Menu
