Begin typing your search above and press return to search.

स्पीकर निवास में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की अगुवाई में पहुँचा भाजपा विधायक दल.. गतिरोध पर अफसोस जताया..

स्पीकर निवास में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की अगुवाई में पहुँचा भाजपा विधायक दल.. गतिरोध पर अफसोस जताया..
X
By NPG News

रायपुर,9 मार्च 2021। आखिरकार सदन में चल रहे गतिरोध का सुखांत स्पीकर निवास में क़रीब सात बजे हुआ जबकि विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत से मिलने नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल पहुँचा।
इस मुलाक़ात में भाजपा विधायक दल की ओर से बीते दिनों आए गतिरोध पर अफ़सोस जताया। विदित हो कि सदन में आखिरी क़रीब पाँच कार्यदिवस पर भाजपा विधायक दल ने प्रश्नकाल और शून्य काल छोड़ सदन की किसी कार्यवाही में भाग नहीं लिया।
गतिरोध की शुरुआत हुई जबकि वरिष्ठ सदस्य बृजमोहन अग्रवाल को प्रश्नकाल में प्रश्न पूछने का मौक़ा तब नहीं मिला जबकि आसंदी द्वारा नाम पुकारे जाने के वक्त वे सदन में नहीं थे और आसंदी ने अगले प्रश्न कर्ता का नाम पुकार लिया। इसके बाद गतिरोध बढ़ता चला गया या कि यूँ लिखना ज्यादा सही होगा कि, भाजपा विधायक दल ने सदन की कार्यवाही में भाग लेने का वक्त खुद तय कर लिया,और खुद को प्रश्नकाल और शून्यकाल में सीमित कर लिया।
बजट सत्र का अवसान होने के बाद,देर शाम भाजपा विधायक दल ने विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत से मिलने का समय माँगा, और सौरभ सिंह की पहल ने सार्थक स्वरुप ले लिया।
इस मुलाकात का ब्यौरा दोनों पक्षों ने अधिकृत तौर पर नहीं दिया है। हालाँकि जानकारी यह कहती है कि, जो गतिरोध हुआ उसमें संवादहीनता एक अहम कारण थी।सूत्रों के अनुसार संवाद में यह तथ्य आया कि नेता प्रतिपक्ष के कक्ष से संवाद का आग्रह निकला पर वह विधानसभा अध्यक्ष तक पहुँचा ही नही, और भ्रम बढ़ गया।

Next Story