Who is Brijesh Sharma : मजदूर पिता का सपना हुआ साकार, बेटा बना IPL स्टार, जानिए कौन है क्रिकेटर बृजेश शर्मा, जिसने CSK के सामने गाड़ा झंडा
Who is Brijesh Sharma : बृजेश शर्मा पिता की मेहनत को सलाम करते हैं और कहते हैं कि आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई। उनपर भरोसा जताने के लिए वे अपने परिवार, कोच और दोस्तों का भी शुक्रिया अदा करते हैं।

इमेज सोर्स - गूगल
Who is Brijesh Sharma : जीवन में कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है क्योंकि इंसान को कामयाब बनाने और नाकामयाबी से बचाने में यही हमेशा काम आती है। ऐसे सूत्रवाक्यों को गांठ बांधकर इस क्रिकेटर ने अपने मेहनत के बलबूते आज वो मुकाम हासिल कर लिया है, जिसकी दिली ख्वाहिश लगभग हर नौजवान खिलाड़ी की होती है।
मजदूर पिता का सपना हुआ साकार
मजदूर पिता के बेटे बृजेश शर्मा ने कुछ ऐसा कर दिखाया है कि आज वो हर क्रिकेट प्रशंसक की जुबां पर हैं। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के रहने वाले 27 वर्षीय बृजेश शर्मा ने अपनी धारदार गेंदबाजी के दम पर क्रिकेट विश्लेषकों को चौंका दिया है। सोमवार को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ खेले गये मैच में बृजेश शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स की तरफ से आईपीएल में डेब्यू किया।
RR ने 30 लाख रुपये में खरीदा
इस अनकैप्ड राइट आर्म मीडियम पेसर ने राजस्थान रॉयल्स की टीम मैनेजमेंट को निराश नहीं किया और 3 ओवर में मात्र 17 रन खर्च कर एक विकेट भी झटक लिया। उनकी सधी हुई लाइन लेंथ और गेंदबाजी देख क्रिकेट पंडित भी हैरान हैं। गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 की नीलामी के दौरान बृजेश शर्मा को 30 लाख रुपये में खरीदा है लेकिन इस 30 लाख रुपये के मायने बृजेश शर्मा और उनके परिवार के लिए क्या होंगे, ये समझना मुश्किल नहीं है।
दरअसल, आईपीएल में सेलेक्शन से पहले बृजेश शर्मा ने आजतक प्रोफेशनल क्रिकेट नहीं खेला था लेकिन फिर भी राजस्थान रॉयल्स ने उनकी काबिलियत पर पूरा भरोसा जताया। बतौर क्रिकेटर बृजेश शर्मा का करियर आसान नहीं रहा है। वे जम्मू की स्टेट टीम का हिस्सा थे लेकिन उन्हें बाहर कर दिया गया। इसके बाद हौसले को बुलंद रखते हुए खुद को स्थापित करने के लिए उन्होंने मेहनत की भट्ठी में झोंक दिया।
कोच दीपक पुनिया के मार्गदर्शन में कड़ी ट्रेनिंग
उन्होंने दिल्ली के यूनिक स्पोर्ट्स क्लब में कोच दीपक पुनिया के मार्गदर्शन में कड़ी ट्रेनिंग की, जिसका नतीजा रहा कि वे अपने खेल को उच्चस्तर तक ले जाने में कामयाब हो गये। साल 2025 की बंगाल प्रो टी20 लीग में अपने लाजवाब प्रदर्शन से लोगों का ध्यान खींचा। मालदा स्मैशर्स की तरफ से खेलते हुए 7 मैचों में कुल 11 विकेट झटके। फिर बेहतर मौके की तलाश में वे बंगाल शिफ्ट हो गये। फिलहाल वे बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) की तरफ से खेल रहे हैं।
बृजेश शर्मा का फैमिली बैकग्राउंड
वहीं, बृजेश शर्मा के फैमिली बैकग्राउंड की बात करें तो वे बेहद गरीब हैं और उनके पिता मजदूरी करते हैं। उनका बचपन बेहद गरीबी में गुजरा है। आईपीएल में मिली इस एंट्री को लेकर कहा जाता है कि ईडन गार्डन में बृजेश शर्मा ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया था, जब उन्होंने बंगाल प्रो टी20 लीग में पावर प्ले और डेथ ओवर्स में कमाल की गेंदबाजी की थी और सबका दिल जीत लिया था। उनके इस प्रदर्शन के बाद ही आईपीएल फ्रेंचाइजी की नजरें उनपर पड़ीं।
पिता की मेहनत लाई रंग
फिलहाल राइट आर्म मीडियम पेसर बृजेश शर्मा पिता की मेहनत को सलाम करते हैं और कहते हैं कि आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई। उनपर भरोसा जताने के लिए वे अपने परिवार, कोच और दोस्तों का भी शुक्रिया अदा करते हैं।
