Ashok Sharma ki Jeevani : भारतीय क्रिकेट की नई सनसनी, 150 प्लस की है रफ्तार, बड़े भाई के त्याग ने बना दिया IPL स्टार, जानिए कौन हैं स्पीडस्टर अशोक शर्मा
Ashok Sharma ki Jeevani : 'रफ्तार के सौदागर' अशोक शर्मा ने अबतक कुल 4 फर्स्ट क्लास क्रिकेट मैच खेले हैं, जिनमें अबतक कुल 14 विकेट झटके हैं। वहीं, लिस्ट 'ए' के 7 मैच में 13 विकेट और 11 टी20 मैच में 23 विकेट अपने नाम किए हैं।

इमेज सोर्स - गूगल
Ashok Sharma ki Jeevani : 'रफ्तार सिंह', गुजरात टाइटंस की तरफ से मंगलवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज को प्यार से उनके करीबी इसी नाम से पुकारते हैं। दरअसल, बिजली की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले इस खास क्रिकेटर का नाम है - अशोक शर्मा, जिसने 150 प्लस की स्पीड से विरोधी बल्लेबाजों के डंडे उखाड़ कर घरेलू क्रिकेट में तहलका मचा रखा है।
भारतीय क्रिकेट की नई सनसनी
17 जून 2002 को जयपुर के पास रामपुरा गांव में जन्मे अशोक शर्मा के पिता नाथूलाल किसान हैं और मां गृहिणी हैं। पिता की दिली ख्वाहिश थी कि बेटा पढ़-लिखकर बड़ा अफसर बने और घर की जिम्मेदारियां संभाले लेकिन रफ्तार के इस सौदागर का मन क्रिकेट में रमने लगा लिहाजा बड़े भाई अक्षय ने अपने क्रिकेटिंग शौक को तिलांजलि देकर छोटे भाई को क्रिकेट का ककहरा सीखने के लिए जयपुर के अरावली क्रिकेट एकेडमी में दाखिला करा दिया।
अशोक शर्मा की गेंदों ने बल्लेबाजों में पैदा किया खौफ
क्रिकेट एकेडमी में दाखिला लेने के बाद दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने पीछे पलट कर नहीं देखा और खूब मेहनत कर स्टेट लेवल पर अपनी तेज गेंदबाजी का डंका बजा दिया। अशोक शर्मा की बिजली-सी कौंधती गेंदों ने बल्लेबाजों में एक अलग ही खौफ पैदा कर दिया था। शुरुआती दिनों में अशोक शर्मा रोजाना घंटेभर से अधिक का सफर तय कर क्रिकेट एकेडमी पहुंचते और जमकर क्रिकेट की बारीकियां सीखते। फिर बाद में वे क्रिकेट छात्रावास में ही रहने लगे।
कोरोना ने करियर पर लगाया ब्रेक
इस बीच महामारी कोरोना का भी दौर आया, जिसकी वजह से पेसर अशोक शर्मा के करियर पर ब्रेक लग गया। कोविड के दौरान ही उनके कोच विवेक यादव की दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से मौत हो गई, जिससे अशोक शर्मा को गहरा आघात लगा। हालांकि, काफी मुश्किलों के बाद वे धीरे-धीरे एकबार फिर 22 गज की पट्टी पर अपनी गेंदों से आग उगलने लगे।
RR में नेट बॉलर के तौर पर हुई शुरुआत
पेसर अशोक शर्मा के संघर्ष का दिन यही नहीं रूका। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए नेट बॉलर के तौर पर शुरुआत की थी। फिर साल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 55 लाख रुपये में खरीदा लेकिन एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद साल 2025 में मेगा ऑक्शन के दौरान राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा लेकिन एकबार फिर उन्हें मैदान पर अपना जौहर दिखाने का अवसर नहीं मिला लेकिन साल 2026 से पहले आशीष नेहरा की टीम गुजरात टाइटंस ने उनपर भरोसा किया और 90 लाख रुपये में खरीद लिया।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में किया धांसू प्रदर्शन
अशोक शर्मा ने साल 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में धांसू प्रदर्शन कर क्रिकेट पंडितों को चौंका दिया। राजस्थान के अशोक शर्मा लीग फेज में 7 मैचों में 19 विकेट लेकर सर्वाधिक विकेट लेने वाले बॉलर बन गये। उन्होंने दो मर्तबा 4-4 विकेट हासिल किए। अशोक शर्मा ने अपनी धारदार गेंदबाजी की बदौलत 10 मैच में कुल 22 विकेट अपने नाम किए।
'रफ्तार के सौदागर' अशोक शर्मा ने अबतक कुल 4 फर्स्ट क्लास क्रिकेट मैच खेले हैं, जिनमें अबतक कुल 14 विकेट झटके हैं। वहीं, लिस्ट 'ए' के 7 मैच में 13 विकेट और 11 टी20 मैच में 23 विकेट अपने नाम किए हैं।
