Begin typing your search above and press return to search.

Arshdeep Singh Biography Hindi: अर्शदीप सिंह की जीवनी (Arshdeep Singh Biography in Hindi)

Arshdeep Singh Biography in Hindi: अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) एक भारतीय क्रिकेटर हैं, जो बाएं हाथ के मध्यम-तेज गेंदबाज हैं और वर्तमान में भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के लिए खेलते हैं।

Arshdeep Singh Biography Hindi: अर्शदीप सिंह की जीवनी (Arshdeep Singh Biography in Hindi)
X
By Ragib Asim

Arshdeep Singh Biography in Hindi: अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) एक भारतीय क्रिकेटर हैं, जो बाएं हाथ के मध्यम-तेज गेंदबाज हैं और वर्तमान में भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के लिए खेलते हैं। हर समय क्रिकेट के बारे में ही सोचने वाले 5 फरवरी 1999 को जन्में अर्शदीप सिंह के बारे में शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यह लड़का एक दिन भारतीय क्रिकेट का भविष्य और चमकता सितारा बनेगा।

अर्शदीप सिंह का जीवन परिचय (Arshdeep Singh Biography In Hindi) :

अर्शदीप सिंह एक युवा भारतीय क्रिकेटर हैं जो घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए खेलते हैं और इंडियन प्रमियर लीग (आईपीएल) पंजाब किंग्स की तरफ से खेलते हैं. अर्शदीप एक बांए हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज हैं, जो लगातार 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने में सक्षम हैं. वह 2018 आईसीसी अंडर-19 विश्व कप की विजेता भारतीय टीम हिस्सा थे. अर्शदीप को डेथ ओवरों में अच्छी गेंदबाजी करने के लिए जाना जाता है.

अर्शदीप सिंह का जन्म और फैमिली (Arshdeep Singh Birth and Family):

अर्शदीप सिंह का जन्म 5 फरवरी 1999 को गुना, मध्य प्रदेश में एक सिख परिवार में हुआ था. अर्शदीप के पिता दर्शन सिंह डीसीएम में मुख्य सुरक्षा अधिकारी हैं और उनकी मां बलजीत कौर एक हाउसवाइफ हैं. उनका एक बड़ा भाई अकाशदीप सिंह है जो कनाडा में रहता है और एक बहन गुरलीन कौर है. अर्शदीप सिंह को बचपन से ही क्रिकेट में दिलचस्पी थी. उन्होंने 13 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था और अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बदौलत विश्व क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई.

अर्शदीप सिंह की शिक्षा (Arshdeep Singh's Education) :

अर्शदीप सिंह ने अपनी शुरुआती पढ़ाई गुरु नानक पब्लिक स्कूल, चंडीगढ़ से पूरी की है. इसके बाद उन्होंने एमडी कॉलेज, चंडीगढ़ से बीए की डिग्री हासिल की. उनके कोच जसवंत रॉय ने उन्हें क्रिकेट के सभी गुर सिखाए हैं.

अर्शदीप सिंह का घरेलू क्रिकेट करियर (Arshdeep Singh's Domestic Career):

2012 में, अर्शदीप सिंह ने चंडीगढ़ के गुरु नानक पब्लिक स्कूल में कोच जसवंत राय के देखरेख में क्रिकेट खेलना शुरू किया था. वह राज्य स्तरीय टूर्नामेंटों में चंडीगढ़ और पंजाब क्रिकेट टीमों के लिए खेला है. उन्होंने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में पंजाब के लिए 13 विकेट लिए और 2017 में डीपी आजाद ट्रॉफी के लिए पंजाब इंटर-डिस्ट्रिक्ट वनडे चैंपियनशिप में चंडीगढ़ के लिए पांच मैचों में 19 विकेट भी लिए. 10 नवंबर 2017 को कुआलालंपुर में मलेशिया के खिलाफ एसीसी अंडर 19 एशिया कप 2017 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय युवा क्रिकेट में डेब्यू किया. 2017 में अर्शदीप ने U19 चैलेंजर ट्रॉफी में इंडिया रेड टीम के लिए भी खेला था. अर्शदीप ने इस टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और कुल सात विकेट लिए, जिसमें एक पांच विकेट-हॉल भी शामिला था. इस प्रदर्शन के बाद अर्शदीप चर्चा में आ गए.

फिर अर्शदीप ने 2018 U19 विश्व कप के ग्रुप स्टेज गेम में 1.43 की इकोनॉमी रेट से जिम्बाब्वे के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए सात ओवर में सिर्फ 10 रन देकर दो विकेट लिए, जो टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था. उन्हें कुछ महीने बाद ही पंजाब अंडर-23 टीम में शामिल कर लिया गया. उन्होंने राजस्थान के खिलाफ सीके नायडू ट्रॉफी में 8 विकेट लेकर गेंद से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अर्शदीप ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया, इसलिए उन्हें 2018-19 विजय हजारे ट्रॉफी के लिए पंजाब टीम में चुना गया.

19 सितंबर 2018 को, अर्शदीप ने 2018-19 विजय हजारे ट्रॉफी में पंजाब के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में डेब्यू किया और हिमाचल प्रदेश के खिलाफ दो विकेट लेकर अच्छी शुरुआत की. इससे पहले 2018 अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के लिए उन्हें भारतीय टीम में चुना गया था. जहां वह लगातार लगभग 145 km/h की गति से गेंदबाजी कर छा गए. भारतीय टीम ने वह खिताब भी अपने नाम किया था. नवंबर 2019 में, उन्हें 2019 एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप में भी चुना गया था.

25 दिसंबर 2019 को अर्शदीप सिंह ने 2019-20 रणजी ट्रॉफी में पंजाब के लिए पदार्पण किया. अर्शदीप काफी युवा होने के कारण अब तक बहुत कम मैच खेलें हैं. उन्होंने अब तक 20 लिस्ट ए मैच खेले हैं और 4.94 की इकोनॉमी रेट से 21 विकेट हासिल किए हैं. इसके अलावा, अर्शदीप ने 20 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और 3.12 की इकोनॉमी से 38 विकेट लिए हैं.

अर्शदीप सिंह का आईपीएल करियर (Arshdeep Singh's IPL Career) :

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के बाद, दिसंबर 2018 में किंग्स इलेवन पंजाब ने अर्शदीप सिंह को 2019 आईपीएल सीजन के लिए खरीदा था. 16 अप्रैल 2019 को अर्शदीप सिंह ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान मोहाली में अपना आईपीएल डेब्यू किया. जिसमें उन्होंने रॉयल्स के दो महत्वपूर्ण खिलाड़ियों- जोस बटलर और अजिंक्य रहाणे का विकेट लिया. 2019 के सीजन में, उन्होंने पंजाब के लिए सिर्फ तीन मैच खेले और 3 विकेट लिए. 2020 आईपीएल नीलामी से पहले फ्रैंचाइज़ी ने उन्हें रिटेन किया.

2020 आईपीएल सीजन में अर्शदीप ने 8 मैच खेले और 8.77 की औसत से 9 विकेट लिए. 2021 सीजन में उन्होंने फिर से पंजाब टीम के लिए खेला. उन्होंने इस बार 12 मैचों में 18 विकेट लिए, जिससे उसके कौशल को बढ़ावा मिला. 2022 आईपीएल में पंजाब किंग्स ने अर्शदीप सिंह को 4 करोड़ रुपये में खरीद लिया. उस सीजन में उन्होंने केवल 10 विकेट लिए, लेकिन 7.70 की प्रभावशाली इकॉनमी रेट ने उनकी भूमिका को डेथ स्पेशलिस्ट बनाया.

अर्शदीप ने ओपनिंग और डेथ ओवर के गेंदबाज के रूप में 8.27 की शानदार इकॉनमी रेट और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 32 रन देकर 5 विकेट के शानदार प्रदर्शन से भारतीय चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया, जिससे उन्हें जल्द ही भारतीय क्रिकेट टीम में खेलने का मौका मिल गया. 2022 आईपीएल में अर्शदीप सिंह ने पंजाब किंग्स के लिए 14 मैचों में 9.70 की इकोनॉमी रेट से 17 विकेट हासिल किए.

अर्शदीप सिंह का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर (Arshdeep Singh's International Cricket Career) :

7 जुलाई 2022 को आर्शदीप सिंह ने यूके के साउथेम्प्टन में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच में अपना डेब्यू किया. उन्होंने अपना पहला ओवर मेडन फेंका, जिससे वह डेब्यू मैच में ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बन गए. अर्शदीप सिंह ने स्विंग होती गेंदों से इंग्लिश बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और 3.3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए. इस शानदार शुरुआत के बावजूद, अर्शदीप को टी20 सीरीज के बाकी मैचों से बाहर कर दिया गया.

हालाँकि, उन्हें 2022 भारत-वेस्टइंडीज 5 मैचों की टी20I सीरीज में नामित किया गया था. जहां अर्शदीप ने अपने किफायती ओवरों के लिए प्रशंसा प्राप्त की. उन्होंने विपक्षी टीम पर दबाव बनाया और आसानी से विकेट गिरे. अर्शदीप ने पहले तीन मैचों में चार विकेट लिए, फिर चौथे मैच में 12 रन देकर तीन विकेट झटके. निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण अर्शदीप को 2022 एशिया कप में जसप्रित बुमराह की जगह भारतीय टीम में शामिल किया गया. जिसमें उन्होंने अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी भी की थी. लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ सुपर 4 में भारत की हार के कारण अर्शदीप की बहुत आलोचना हुई क्योंकि उन्होंने एक महत्वपूर्ण कैच छोड़ गया था.

इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर बुरी तरह से ट्रोल किया गया और भारत की हार पर ठीकरा फोड़ा गया. लेकिन कुछ दिनों के ब्रेक के बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में शामिल किया गया. अर्शदीप ने भी शानदार वापसी की और अपने पहले ओवर में दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों को आउट किया. अपने वापसी मैच में उन्होंने 32 रन देकर 3 विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच चुने गए. बाद में, उन्हें ऑस्ट्रेलिया में 2022 टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया.

इसके बाद अर्शदीप ने मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में भारत की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने पावरप्ले में ही पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों- बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को आउट कर दिया. उस मैच में अपने चार ओवरों में उन्होंने 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. इससे भारत ने पाकिस्तान को 159/8 पर रोक दिया और विराट कोहली की शानदार पारी से चार विकेट से जीत हासिल की.

अर्शदीप सिंह 2022 विश्व कप में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे. उन्होंने छह मैचों में 7.80 की औसत से 10 विकेट हासिल किए. जबकि तीसरे टी20I में न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/37 आया था. शानदार प्रदर्शन के साथ अर्शदीप सिंह ने भारतीय टी20 टीम में अपना स्थान पक्का कर लिया. इसके बाद उन्होंने कई मैचों में शानदार प्रदर्शन करके भारत को जीत दिलाया.

वनडे क्रिकेट –

25 दिसंबर 2022 को, अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में एकदिवसीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. उस मैच में वह महंगे साबित हुए, क्योंकि वह 8.1 ओवर में 68 रन देकर भी एक विकेट नहीं ले पाए. अब तक उन्होंने केवल तीन वनडे मैच खेले हैं, लेकिन कोई विकेट नहीं हासिल किया है.

अर्शदीप सिंह की नेटवर्थ (Arshdeep Singh's Net Worth) :

2023 की एक रिपोर्ट के अनुसार, अर्शदीप सिंह के पास लगभग 12 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है. उनकी सालाना आय लगभग छह करोड़ रुपये है. अर्शदीप की आय का स्रोत बीसीसीआई सैलरी, आईपीएल फीस और ब्रांड एंडोर्समेंट है. पंजाब किंग्स ने उन्हें 2022 आईपीएल मेगा ऑक्शन में 4 करोड़ रुपये में खरीदा था और 2023 आईपीएल में इसी राशि पर रिटेन किया. वह अब भारत के लिए टी20I और वनडे मैच भी खेल रहे हैं. अर्शदीप सिंह बीसीसीआई केंद्रीय अनुबंध के तहत ग्रेड-सी वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें प्रति वर्ष 1 करोड़ रुपये की सैलरी मिलती है. साथ ही, वह भारत में खेले जाने वाले हर टी20 मैच में 3 लाख रुपये और हर वनडे मैच में 6 लाख रुपये कमाते है. अर्शदीप सिंह के पास चंडीगढ़ में एक तीन मंजिला सुंदर घर है, जिसकी कीमत की जानकारी उपलब्ध नहीं हैं.

अर्शदीप सिंह ब्रांड एंडोर्समेंट (Arshdeep Singh Brand Endorsements) :

  • MyCircle11
  • Perimatch
  • Chandigrah University

अर्शदीप सिंह का कार कलेक्शन (Arshdeep Singh Car Collection)

  • कार कीमत
  • टोयोटा फॉर्च्यूनर 40 लाख रुपये
  • मारुति सुजुकी ब्रेजा 8.5 लाख रुपये

अर्शदीप सिंह से जुड़े विवाद (Arshdeep Singh Controversies)

कैच ड्रॉप और विकीपिडिया पेज विवाद :

2022 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ सुपर फोर मुकाबले में, अर्शदीप सिंह ने एक महत्वपूर्ण कैच छोड़ दिया था. इस मैच में भारत को हार मिली. जिसके बाद अर्शदीप को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया. उन्हें हार का कारण बताया गया. लेकिन मैच के बाद कुछ लोगों ने अर्शदीप सिंह के नाम के विकिपीडिया पेज पर कुछ आपत्तिजनक बदलाव किए. जिसमें अर्शदीप को बताया गया था कि वह एक "खालिस्तानी" संगठन से जुड़ा है.

विकिपिडिया पेज पर अर्शदीप सिंह का नाम बदलकर 'मेजर अर्शदीप सिंह बाजवा' कर दिया गया था और "भारत" शब्द को "खालिस्तान" से बदल दिया गया था. यह किसी भी तरह से एक उभरते हुए युवा क्रिकेटर के लिए सही नहीं है. इसलिए सरकार ने इस घटना के सामने आने के बाद सख्त कार्रवाई की और विकिपीडिया को नोटिस भेजा. हालांकि, विकिपीडिया एडिटर्स ने इन बदलावों को 15 मिनट के भीतर हटा दिया था.

आपके प्रश्नों के उत्तर

Q. अर्शदीप सिंह कौन है?

A. अर्शदीप सिंह एक युवा भारतीय क्रिकेटर हैं, जो बाएं हाथ से मध्यम तेज गति से गेंदबाजी करते हैं.

Q. अर्शदीप सिंह का जन्म कब और कहां हुआ था?

A. अर्शदीप सिंह का जन्म 5 फरवरी 1999 को मध्य प्रदेश के गुना के एक सिख परिवार में हुआ था.

Q. अर्शदीप सिंह की उम्र कितनी है?

A. 26 वर्ष (2025)

Q. अर्शदीप सिंह आईपीएल में किस टीम के लिए खेलते हैं?

A. पंजाब किंग्स

Q. अर्शदीप सिंह की हाईएस्ट बोलिंग स्पीड क्या है?

A. अर्शदीप सिंह की की हाईएस्ट बोलिंग स्पीड 145 किलोमीटर प्रति घंटा है.

Q. अर्शदीप सिंह का जर्सी नंबर क्या है ?

A. 02

Q. अर्शदीप सिंह की वैवाहिक स्थिति क्या है ?

A. अविवाहित

Q. अर्शदीप सिंह की कुल नेटवर्थ कितनी है ?

A. 12 करोड़ रुपये

Ragib Asim

Ragib Asim News Editor, NPG News Ragib Asim is the News Editor at NPG News with over 15 years of experience across print, television, and digital journalism. He began his career with Hindustan in 2011 and has worked with Jain TV, Channel One, NewsTrack, Special Coverage, Jan Shakti, Janjwar, and The Hans India. He studied Mass Communication at Jamia Millia Islamia, holds a Master’s degree in Political Science from the University of Delhi, and has pursued Islamic Studies at Nadwatul Ulama. Ragib is proficient in Urdu, Hindi, Arabic, and English. His reporting and editorial work focuses on politics, geopolitics, current affairs, crime, business, technology, education, automobiles, and careers, with a strong specialization in SEO-, AEO-, and GEO-driven news strategy. Contact: [email protected]

Read MoreRead Less

Next Story