बाइक चोर निकला हाई प्रोफाइल मर्डर का आरोपी: इंडिगो मैनेजर रूपेश सिंह की गोली मारकर की थी ह्त्या…. कारण जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान…

पटना 3 फरवरी 2021. पटना में इंडिगो एयरलाइन्स के स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह हत्याकांड का बिहार पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस की माने तो रोडरेज के कारण रूपेश की हत्या हुई थी. नवंबर में पटना स्थित एलजेपी कार्यालय के पास रोडरेज की घटना हुई थी. इससे नाराज युवकों ने रूपेश की हत्या कर दी. एसआईटी ने एक शख्स को गिरफ्तार भी किया है.
पटना के एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस हत्याकांड का कारण बता रहे हैं. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, रूपेश की हत्या रोडरेज को लेकर हुई थी. एसएसपी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसआईटी, सीआईडी और एफएसएल की टीम लगातार काम कर रही थी.
20 दिन की जांच के बाद पुलिस ने हत्यारोपी को मंगलवार को ही दबोचा है. हत्याकांड को अपाचे और पल्सर बाइक पर सवार चार अपराधियों ने अंजाम दिया था. एसएसपी ने बताया कि हत्याकांड को रोडरेज मामले के कारण अंजाम दिया गया. एसएसपी के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि नंवबर में छठ के आसपास राजवंशी नगर से पहले रूपेश की कार की टक्कर उसके बाइक से हुई थी. उस वक्त दोनों में बहस हुई थी और मारपीट की नौबत आ गयी थी. तभी से आरोपी ने रूपेश की कार का पीछा करना शुरू कर दिया था.
12 जनवरी को उसने अपने तीन साथियों के साथ इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी ऋतुराज को इस वारदात से पहले ये मालूम नहीं था कि रूपेश कौन है. हत्याकांड के अगले दिन अखबारों के माध्यम से उसे पता चला कि रूपेश पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो का स्टेशन हेड था.
पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋतुराज को पटना के आरके नगर से दबोचा हैं. उसके तीन साथियों की तलाश जारी है. एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने हत्या के आरोपी को दबोचा, उसके बाद हत्या का कारण पता चला. उनके मुताबिक , ऋतुराज इससे पहले कभी जेल नहीं गया है. हालांकि उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटायी जा रही है. एसएसपी के मुताबिक, ऋतुराज आदतन बाइक चोर था. उसके मुहल्ले के लोगों ने भी बताया कि वह हर 15 से 20 दिन के बाद अपना बाइक बदल लेता था. रूपेश हत्याकांड को भी उसने चोरी की ही बाइक से अंजाम दिया था.बता दें कि रूपेश की हत्या 12 जनवरी की शाम उनके अपार्टमेंट के बाहर हुई थी. इस हत्याकांड के बाद बिहार की सियासत में उबाल आ गया था.
