शराबबंदी रहेगी या हटेगी...नीतीश कुमार के करीबी नेता ने कर दी तस्वीर साफ
Bihar News: सीएम नीतीश कुमार के बेहद करीबी नेता ने नए मुख्यमंत्री बनने के बाद शराबबंदी कानून लागू रहेगा या हटेगा, उस पर बड़ा बयान दिया है।

Nitish Kumar And Bihar Liquor Ban News: बिहार के मोतिहारी में शराब पीने से चार लोगों की मौत की घटना पर सियासत जारी है। विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। वहीं, सत्तापक्ष सफाई देने के साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कर रहा है। इस बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा है कि राज्य सरकार इस घटना के प्रति संवेदनशील है। प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से संभाल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभार ऐसी घटना घट जाती है। विपक्ष को इतना तूल देने की जरूरत नहीं है। बिहार में शराबबंदी कानून सख्ती से लागू रहेगा, इस पर कोई समझौता नहीं होगा। प्रदेश में नया मुख्यमंत्री कौन होगा और कब इस पर निर्णय लिया जाएगा, इस पर उमेश सिंह ने कहा कि एनडीए जल्द फैसला लेगा। जनता ने नीतीश कुमार के नाम पर वोट दिया था, इसलिए उनके नेतृत्व में ही आगे सरकार चलेगी। नीतीश जिसे चाहेंगे, वही मुख्यमंत्री बनेगा।
तेजस्वी यादव ने बिहार के लोगों का किया अपमान
केरल में चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव के बिहार को देश का सबसे गरीब राज्य बताने वाले बयान पर भी जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे बिहार के लोगों का अपमान किया जा रहा है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही बिहार के गौरव को वापस लाया है। तेजस्वी यादव को बिहार की जनता का सम्मान करना चाहिए। यहां के लोगों ने सभी जगह परचम लहराया है।
विपक्ष राजनीतिक दल कहलाने लायक नहीं
मोतिहारी कांड पर तेजस्वी यादव के उठाए सवालों पर जदयू के प्रदेश सचिव साकेत सिंह ने कहा कि मैं विपक्ष के बारे में बात नहीं करना चाहता। वे राजनीतिक दल कहलाने के लायक भी नहीं हैं। यह भी कहा कि जनादेश का मुद्दा सबको पता है। कुछ से भी छिपा नहीं है। कुछ दिन पहले हुए राज्यसभा चुनाव को देखें तो वे राजनीतिक दल कहलाने के लायक भी नहीं हैं। जहां तक शराब कांड की बात है तो तेजस्वी यादव के पास तो कोई पैमाना ही नहीं है। वे शराब नापने गए थे, उसमें क्या मिला है। केवल ट्वीट कर देने से कुछ नहीं होता। जिला प्रशासन काम कर रहा और मेडिकल टीम जांच में जुटी है।
