लड़के से क्यों मिलने गई थी? उसे घर बुलाओ और फिर बेटी के प्रेमी को मार डाला, बेगूसराय में विशाल की निर्मम हत्या

lover Murdered In Begusarai: बिहार के बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोढ़ियारी गांव में एक युवती के परिजनों ने उसके प्रेमी को घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी। फिर शव को युवक के घर से 500 मीटर दूर खेत में फेंक दिया। युवक लड़की के बुलाने पर देर रात उसके घर गया था। वहां लड़की के परिजनों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान शंभू सहनी के 19 वर्षीय बेटे विशाल कुमार के रूप में हुई है। विशाल ग्रेजुएशन पार्ट टू का छात्र था। उसके दोस्तों की शिकायत के बाद पुलिस ने लड़की और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है।
विशाल पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है। विशाल समस्तीपुर के रोसड़ा स्थित यूआर कॉलेज का छात्र था। 12वीं पास करने के बाद विशाल ने बखरी में एक कंप्यूटर इंस्टिट्यूट में दाखिला लिया था। इस इंस्टिट्यूट में एक लड़की काम करती थी, जिसका घर विशाल के घर से एक किलोमीटर दूर है।
लड़की के भाई ने काफी समझाया था
विशाल के दोस्त राहुल ने बताया कि कंप्यूटर क्लास के दौरान दोनों की बातचीत शुरू हुई थी। दोनों ने एक-दूसरे का नंबर लिया और घंटों बातचीत करने लगे। राहुल के मुताबिक एक दिन लड़की के भाई को शक हुआ और उसने बहन का मोबाइल ले लिया। फोन चेक करने पर उसे दोनों के अफेयर की जानकारी मिली। उसके बाद लड़की के भाई ने विशाल को बुलाया और दोनों को डांटा था। उसने अपनी बहन और विशाल को समझाते हुए कहा कि उनकी पढ़ाई की उम्र है। इस तरह की बातें ठीक नहीं हैं। कुछ दिनों तक विशाल और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच बातचीत बंद रही। बाद में दोनों ने वॉट्सऐप छोड़कर स्नैपचैट के जरिये बातचीत शुरू कर दी।
लड़की के भाई को किसी ने दोनों के साथ घूमने की दी थी जानकारी
विशाल की गर्लफ्रेंड कंप्यूटर इंस्टिट्यूट में काम करने के साथ समस्तीपुर के कॉलेज में पढ़ती थी। दोनों सोमवार को एक ट्रेन से समस्तीपुर मिलने निकले थे। समस्तीपुर में कॉलेज खत्म होने के बाद दोनों ने कुछ समय साथ बिताया और देर शाम बेगूसराय लौट आए। किसी ने दोनों को साथ में देख लिया और इसकी जानकारी लड़की के भाई को दे दी। लड़की के परिजनों ने उसे कॉल कर विशाल को बुलाने के लिए कहा। परिजनों के कहने पर विशाल लड़की से मिलने उसके घर पहुंचा। वहीं, मंगलवार सुबह उसकी मौत की सूचना आई।
विशाल के पिता शंभू सहनी ने क्या बताया?
पिता शंभू सहनी ने बताया कि सोमवार रात 10 बजे सभी लोग साथ खाना खाकर सोने चले गए। मंगलवार सुबह नींद खुली तो विशाल बेड पर नहीं था। मैंने उसे कॉल किया, लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। पहले लगा कि वह टहलने गया होगा। काफी देर तक नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की। इस दौरान सूचना मिली कि कामास्थान आरा मिल के पास खेत में युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने मुझे जानकारी दी कि घटनास्थल पर मेरे बेटे का शव है। जाकर देखा कि विशाल का शव खेत में पड़ा था। उसके पास एक रस्सी भी पड़ी थी।
हिरासत में लड़की और उसके पिता
डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे बखरी थाने को सूचना मिली थी कि सलौना बहियार में युवक का शव पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त गोढ़ियारी निवासी विशाल कुमार के रूप में की गई। राहुल और विशाल के दोस्तों के बयान के आधार पर पुलिस ने लड़की और उसके पिता को हिरासत में ले ली है। लड़की का भाई फरार है। पुलिस का कहना है कि जल्द सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
-
Home
-
Menu
