TRE-4 पर बड़ा अपडेट, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर दी नई जानकारियां

Bihar TRE 4 Notification News : बिहार में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर बताया है कि भर्ती से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। जल्द इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। यह जानकारी उन युवाओं के लिए राहत भरी है, जो TRE-4 भर्ती का इंतजार कर रहे हैं।
दरअसल, मंत्री रविवार की देर रात औरंगाबाद जिले के दाउदनगर पहुंचे थे। यहां सामाजिक तथा राजनीतिक कार्यकर्ताओं और शिक्षकों ने उनका स्वागत किया। यह यात्रा रोहतास के डेहरी में आयोजित भाजपा के जिलास्तरीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद पटना लौटने के दौरान हुई। उनका काफिला दाउदनगर के वार्ड संख्या-14 स्थित महावीर चबूतरा पहुंचा। वहां अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के प्रखंड अध्यक्ष रवि पांडेय के आवास पर सम्मान समारोह हुआ। इसमें स्थानीय गणमान्य लोगों ने मंत्री को सम्मानित किया।
औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं
इस दौरान सरकारी स्कूलों के शिक्षकों ने मंत्री से मिलकर अपनी लंबित समस्याएं व मांगें रखीं। शिक्षकों ने समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन भी सौंपा। मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। सभी उचित कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि TRE-4 से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। अब सिर्फ अधिसूचना जारी होना बाकी है, जो जल्द सार्वजनिक की जाएगी। इस घोषणा के बाद उन अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है, जो लंबे समय से शिक्षक भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे। राज्य में इस मुद्दे को लेकर कई बार आंदोलन हो चुके हैं।

रंजन कुमार के पास प्रिंट और डिजिटल जर्नलिज्म का मजबूत अनुभव है। उन्होंने कई लीडिंग मीडिया संस्थानों में काम किया है। उनकी कोर एक्सपर्टीज पॉलिटिक्स, क्राइम और स्पोर्ट्स में है। फिलहाल रंजन NPG News में बिहार Desk की ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं।
-
Home
-
Menu
