बिहार में ऐसा होगा नया मंत्रिमंडल! भाजपा के मंत्रियों की संख्या घटेगी, इन इलाकों के नेता बनेंगे मंत्री

बिहार में ऐसा होगा नया मंत्रिमंडल! भाजपा के मंत्रियों की संख्या घटेगी, इन इलाकों के नेता बनेंगे मंत्री
X

सम्राट चौधरी और श्रेयसी सिंह। इमेज-सोशल मीडिया।

Bihar New Government 2026 : बिहार में सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे की अटकलों के बीच एनडीए में मंत्रिमंडल को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बार मंत्रिमंडल में जदयू का कोटा बढ़ सकता है। वहीं, भाजपा के मंत्रियों की संख्या घटने के संकेत हैं।

Bihar New Government Cabinet : बिहार के लिए कल का दिन अहम है। मंगलवार को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उससे पहले कई बैठकों के दौर की जानकारी सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक नई सरकार के शपथ ग्रहण के लिए तैयारियां शुरू हैं। 15 अप्रैल को लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। नई सरकार में पार्टीवार मंत्रियों की संख्या में बड़े फेरबदल की पूरी संभावना है।

जदयू से नए चेहरों को मंत्रिमंडल में मिल सकती है जगह

सूत्रों की मानें तो जदयू से और नए चेहरे मंत्री पद के लिए जा सकते हैं। साथ ही भाजपा में यह संख्या कम हो सकती हैं।

कैसा होगा बिहार का नया मंत्रिमंडल?

नई सरकार में मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम के साथ कई बड़े-बड़े बदलाव और हेरफेर दिखेंगे। सूत्रों के मुताबिक नई सरकार में जदयू कोटे से मंत्रियों की संख्या बढ़ेगी। मौजूदा मंत्रिमंडल में जदयू से नीतीश कुमार के अलावा कुल 8 मंत्री हैं। नए मंत्रिमंडल में 4 से 5 नए मंत्री और बनने की पूरी संभावना है। कुछ विधायक पहली बार मंत्री बन सकते हैं। मिथिलांचल के साथ शाहाबाद इलाके से जदयू नए मंत्री बन सकती हैं। इसके मुताबिक भाजपा कोटे से मंत्रियों की संख्या कम हो जाएगी।

अभी कैसा है मंत्रिमंडल?

फिलहाल मंत्रिमंडल में नीतीश कुमार सहित 26 मंत्री हैं। जदयू से सीएम के अलावा 8 मंत्री हैं। भाजपा से दो डिप्टी-सीएम समेत 13 मंत्री, एलजेपी (आर) से 2 मंत्री और हम-आरएलएम से 1-1 मंत्री है।

सीएम के नाम पर संशय कायम

नीतीश कुमार के बाद बिहार की बागडोर किसके हाथ में जाएगी, उसे लेकर कयासों की दौड़ खत्म नहीं हो रही है। सीएम की रेस में सम्राट चौधरी से शुरू हुआ नाम, विजय सिन्हा, प्रेम कुमार होते हुए युवा मंत्री श्रेयसी सिंह तक पहुंच चुका है। हर दिन एक नाम जुड़ जा रहा है। आज जनक राम का नाम भी सीएम फेस की रेस में जुड़ गया। बहरहाल, कल शाम 4 बजे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के ऐलान के साथ बिहार को नया सीएम मिल जाएगा। इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। फिर जदयू विधायक दल की बैठक प्रस्तावित है। दोनों दलों की बैठक के बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में नए सीएम के नाम पर मुहर लग जाएगी।

Tags

Next Story