बिहार में एनकाउंटर...पुलिस और अपराधियों के बीच चलीं गोलियां, एक बदमाश घायल, 2 करोड़ के सोना लूटकांड में कार्रवाई
Begusarai Encounter News: बिहार में आज पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस एनकाउंटर में एक बदमाश घायल हो गया। एसटीएफ ने चार अपराधियों को हिरासत में ले लिया है।

इमेज-एआई
Bihar Encounter News: बिहार के बेगूसराय में बिहार पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और अपराधियों के बीच आज एनकाउंटर हुआ है। एक अपराधी को गोली लगी है। यह एनकाउंटर बेगूसराय और समस्तीपुर जिले के सीमावर्ती मंसूरचक थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर चौक के पास हुई है। फिलहाल तेघड़ा डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस क्षेत्र में मौजूद हैं। चारों ओर से नाकाबंदी कर दी गई है। किसी को भी उस इलाके में जाने की इजाजत नहीं है। पुलिस की टीम कार्रवाई कर रही है।
ज्वेलरी शॉप में लूटकांड में शामिल हैं सभी
कल दरभंगा में प्रेम ज्वेलर्स में हुई 2 करोड़ से अधिक की लूट के बाद पुलिस बदमाशों के पीछे पड़ी थी। इस दौरान स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को सूचना मिली कि बदमाश बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र में छुपे हैं। उसके बाद STF की टीम 10 बजे नारायणपुर चौक पर पहुंची और एक दुकान पर नाश्ता करने लगी। उसी दुकान में पहले से 7-8 अपराधी नाश्ता कर रहे थे। नाश्ता खत्म होने से पहले अपराधियों को शक हो गया। शंका होते अपराधी भागे तो एसटीएफ ने पीछा किया। इस पर बदमाशों ने गोली चला दी। STF को भी आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी। इसमें एक बदमाश को गोली लगने की सूचना है।
3-4 बदमाश कहीं छुप गए
चार बदमाशों को पकड़ा गया है। हथियार और एक बाइक भी बरामद किए गए। 3-4 बदमाश कहीं छुप गए हैं। बैकअप के लिए 10 से अधिक बाइक से एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची है। लोगों के अनुसार 5-6 राउंड गोलियां चलीं। सूचना मिलते तेघड़ा डीएसपी मौके पर पहुंचे। नारायणपुर चौक इलाके पर एक किलोमीटर में घेराबंदी कर दी गई है। इस एक किलोमीटर के इलाके में किसी के भी जाने पर रोक है।
