शराब पीने के बाद तेज पेट दर्द और उल्टी...आंखों से सब हरा-हरा दिखने लगा, मोतिहारी में शराब पीने वालों ने बताई आपबीती, थानेदार सस्पेंड
Bihar Liquor Deaths : बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई। 15 लोगों की हालत गंभीर है। इनमें से 6 लोगों की आंखों की रोशनी जा चुकी है।

Motihari Liquor Deaths : बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई। 15 लोगों की हालत गंभीर है। इनमें से 6 लोगों की आंखों की रोशनी जा चुकी है। इन सभी का इलाज चल रहा है। पूरा मामला रघुनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालगंगा गांव से शुरू हुआ और आसपास के इलाकों में फैल गया है। ऐसे में प्रदेश में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून पर सवाल उठ रहे हैं। यह पहली घटना नहीं है, जब प्रदेश में शराब पीने से लोगों की मौत हुई है।
दो लोगों की मौत आज सुबह हुई है। इलाज के दौरान परीक्षण मांझी (46) और हीरालाल भगत की जान चली गई। पहली मौत कल सुबह और दूसरी कल रात को हुई थी। एसपी ने तुरकौलिया एसएचओ उमाशंकर मांझी को सस्पेंड कर दिया है। चौकीदार भरत राय को गिरफ्तार कर लिया है। तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाने में हत्या का केस दर्ज कराया गया है। यह केस मृतक प्रमोद यादव और हीरालाल भगत के परिवार की शिकायत पर हुआ है।
पहली मौत पर जल्दीबाजी में किया अंतिम संस्कार
दरअसल, अलग-अलग दो थाना क्षेत्र में बुधवार शाम को लोगों ने शराब पी थी। उसके बाद तबीयत बिगड़नी शुरू हई। पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह तुरकौलिया थाना क्षेत्र के पुलवा घाट निवासी चंदू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बिना सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। शराब पीने से मौत का खुलासा तब हुआ, जब रघुनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालगंगा निवासी लोहा ठाकुर की तबीयत बिगड़ी। उनकी आंखों की रोशनी कम होने लगी। परिजन उन्हें मदन राज नर्सिंग होम ले गए, जहां लोहा ठाकुर ने बताया कि उन्होंने शराब पी थी। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आए। शराब पीने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें अस्पताल भेजा जाने लगा। इस दौरान तुरकौलिया थाना क्षेत्र की शंकर सरैया पंचायत के परसौना गांव निवासी प्रमोद यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई।
क्या कहते हैं पीड़ित और परिजन
लक्ष्मीपुर गदरिया निवासी राजेंद्र कुमार ने गुरुवार को शराब पी थी। उनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा। उन्होंने बताया है कि शराब पीने के तुंरत बाद कुछ नहीं हुआ। घर आया। आधा घंटे बाद तकलीफ होने लगी। कुछ साफ नहीं दिख रहा था। सब हरा-हरा नजर आता है। मैंने ध्यान नहीं दिया और पानी पीकर सो गया। सुबह-सुबह उल्टी हुई और बेचैनी बढ़ गई। अस्पताल में भर्ती लोहा ठाकुर ने कहा कि सभी लोग बालगंगा में ही स्प्रिट पी थी। उसके साथ अन्य लोग भी थे। घर आने पर तबीयत बिगड़ी।
परेशानी के कुछ देर बाद हो गई मौत
मरीज लड्डू साह की बेटी गौरी कुमारी के अनुसार उसके पिता मोतिहारी में ठेला चलाते हैं। बुधवार दोपहर 3 बजे वे घर आए। कुछ देर बाद बुखार और उल्टी होने लगी। मृतक चंदू के चाचा हरेंद्र सिंह के अनुसार बुधवार रात दो बजे चंदू को तेज पेट दर्द और उल्टी हुई। दवा दी गई। लगा ठीक हो गया, लेकिन कुछ देर में उसकी मौत हो गई। मौत बाद आनन-फानन में परिजनों ने गुरुवार सुबह दाह-संस्कार कर दिया।
SIT का गठन, तस्करों से पूछताछ जारी
सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। साइबर डीएसपी और डीआईयू प्रभारी टीम में शामिल हैं। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अलग-अलग टीमों का गठन कर शराब तस्करों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है। नागा राय और छह संदिग्ध तस्करों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब कहां से आई। इसके पीछे कौन लोग हैं।
