पटना में खूनी सालगिरह : सरेबाजार दो भाइयों को दौड़ाकर गोलियों से भून डाला, एक की मौत...दूसरा घायल

पटना में खूनी सालगिरह : सरेबाजार दो भाइयों को दौड़ाकर गोलियों से भून डाला, एक की मौत...दूसरा घायल
Patna double shooting case today : पटना : बिहार की राजधानी पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र का मुसल्लाहपुर हाट इलाका आज गुरुवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा. जिस घर में शादी की सालगिरह की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां आज मातम पसर गया है. मामूली पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में अपराधियों ने दो सगे भाइयों, सोनू और आकाश को बाजार के बीचों-बीच दौड़ा-दौड़ाकर गोली मार दी. इस खूनी खेल में बड़े भाई सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई आकाश अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच लड़ रहा है.
पिटाई का बदला लेने के लिए रची खूनी साजिश
मिली जानकारी के अनुसार, टिकिया टोली के रहने वाले सोनू और आकाश मुसल्लाहपुर हाट में सब्जी बेचने का काम करते थे. विकास नाम का एक युवक है, जिसका सोनू के साथ पैसे को लेकर पुराना हिसाब-किताब बकाया था. गुरुवार दोपहर जब विकास पैसे मांगने पहुंचा, तो दोनों भाइयों से उसकी बहस हो गई. बात इतनी बढ़ी कि सोनू और आकाश ने मिलकर विकास की धुनाई कर दी. अपमान का बदला लेने की आग में जल रहा विकास वहां से चुपचाप चला गया, लेकिन दो घंटे बाद वह अपने साथ हथियारों से लैस गुंडों की पूरी फौज लेकर वापस लौटा.
कनपटी पर सटाकर मारी गोली, तमाशबीन बना रहा बाजार
बाजार में पहुंचते ही विकास और उसके साथियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जान बचाने के लिए दोनों भाई भीड़भाड़ वाले बाजार में इधर-उधर भागने लगे, लेकिन बेखौफ अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. भागते हुए आकाश की पीठ में गोली लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा. वहीं, सोनू को बदमाशों ने दबोच लिया और करीब से उसकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली दाग दी. दिनदहाड़े हुए इस कत्लेआम के बाद बाजार में भगदड़ मच गई और देखते ही देखते दुकानें बंद हो गईं.
खुशियों वाले दिन पसर गया सन्नाटा
आज सोनू की शादी की सालगिरह थी. पत्नी घर पर पति के लौटने और सालगिरह मनाने का इंतजार कर रही थी, लेकिन उसे क्या पता था कि शाम को पति की लाश घर आएगी. बदहवास पत्नी बार-बार बेहोश हो रही है और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिटी पूर्वी एसपी परिचय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपने साथियों के नाम उगल दिए हैं. घटनास्थल से पुलिस को दो जिंदा कारतूस और तीन खोखे मिले हैं. एसपी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक स्पेशल टीम गठित की गई है और छापेमारी जारी है. हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर पटना की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है कि कैसे मामूली विवाद में अपराधी सरेआम कत्ल कर फरार हो जाते हैं.
कल यूपी के मेरठ से आया था ऐसी ही गोलीकांड की खबर
उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित रामराज इलाके में कल बुधवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बाइक सवार हमलावर ने बीच बाजार सुरेंद्र नामक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी. सुरेंद्र अपनी बाइक से बहसुमा मार्केट के पास से गुजर रहा था, तभी पीछे से आए शूटर ने पहले उसकी पीठ पर गोली मारी. जैसे ही सुरेंद्र सड़क पर गिरा, हमलावर ने पास जाकर उसकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर दूसरी गोली दाग दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में भगदड़ मच गई और दहशत के मारे दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर भाग खड़े हुए.
सूचना मिलते ही एसपी देहात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. शुरुआती तफ्तीश और परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस इस हत्याकांड को प्रेम-प्रसंग की रंजिश से जोड़कर देख रही है. पुलिस का कहना है कि कुछ दिन पहले ही सुरेंद्र का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो इस वारदात की मुख्य वजह हो सकता है. फिलहाल, हमलावर की पहचान के लिए बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

Uma Verma is a postgraduate media professional holding MA, PGDCA, and MSc IT degrees from PTRSU. She has gained newsroom experience with prominent media organizations including Dabang Duniya Press, Channel India, Jandhara, and Asian News. Currently she is working with NPG News as acontent writer.
Tags
-
Home
-
Menu
