अब हेलिकॉप्टर से देखिए खूबसूरत बिहार...इन रूटों पर मिलेगी हैली टूरिज्म की सुविधा

हैली टूरिज्म सर्विस। इमेज-एआई
Bihar Helicopter Tourism Service: बिहार में बहुत जल्द पर्यटक बेहद कम समय में ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों की सैर कर सकेंगे। बिहार सरकार हैली टूरिज्म सेवा शुरू कर रही है। इसके माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटक बिहार के आठ पर्यटक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
बिहार सरकार पर्यटन के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों के विकास के लिए कई कदम उठा रही। इसी क्रम में सरकार आठ पर्यटन स्थलों के लिए पटना से हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने जा रही है। इसका उद्देश्य पर्यटकों ऐसी सुविधा देना है, जिससे उनका यात्रा समय बचे और वे कम समय में प्रमुख पर्यटन स्थलों तक आवागमन कर सकें।
ये पर्यटन स्थल जुड़ेंगे हैली टूरिज्म से
हेलिकॉप्टर सेवा से बिहार के सबसे अहम पर्यटन स्थलों में बोधगया, नालंदा, राजगीर, वैशाली, पटना साहिब, विक्रमशिला, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, पावागिरी शामिल हैं। राज्य में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार यह योजना शुरू कर रही है।
ऑपरेटर का होगा चयन
विभागीय अधिकारियों के अनुसार हैलिकॉप्टर सेवा के लिए उपयुक्त ऑपरेटर का चयन किया जाना है। इसके लिए जल्द टेंडर जारी किया जाएगा। हेलिकॉप्टर सेवाओं के संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी। इस सेवा के लिए पर्यटन स्थलों से जुड़े हवाई अड्डों और हेलिपैड का विकास भी होगा। पर्यटन विभाग का मानना है कि इस योजना से राज्य में पर्यटन काफी बढ़ेगा। बिहार में अधिक पर्यटक आकर्षित होंगे।
5 साल का होगा करार
हैलिकॉप्टर सेवा के लिए ऑपरेटर से पहले पांच साल का करार होगा। उसके बाद इसे पांच साल के लिए और बढ़ाया जा सकेगा। आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और इको टूरिज्म को प्रोत्साहित करने की यह पहल नागरिक उड्डयन विभाग के सहयोग से की जा रही।
बिहार के चर्चित पर्यटन स्थलों के नाम और स्थान
नालंदा विश्वविद्यालय प्राचीन विश्व का सबसे बड़ा शिक्षा केंद्र रहा है। यह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल में गिना जाता है। राजगीर में विश्व शांति स्तूप है। यहां सप्तपर्णी गुफा और बिंबिसार की जेल घूमने वाली जगह है। सासाराम में शेरशाह सूरी का मकबरा है। जो कृत्रिम झील के बीच में है। यह अफगान वास्तुकला का बेजोड़ नमूना है। वैशाली में भगवान महावीर की जन्मस्थली है। यहां अशोक स्तंभ और विश्व शांति स्तूप स्थित है। वैशाली को दुनिया का पहला गणतंत्र भी कहा जाता है। भागलपुर स्थित विक्रमशिला विश्वविद्यालय पाल वंश के दौरान स्थापित प्राचीन बौद्ध शिक्षण केंद्र है।
-
Home
-
Menu
