नीतीश कुमार आज JDU नेताओं के साथ करेंगे बैठक, इस दिन दे सकते हैं सीएम पद से इस्तीफा

Nitish Kumar Today JDU Meeting: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद बन चुके हैं। ऐसे में वह 14 अप्रैल को सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। अगले दिन बिहार में नई सरकार बन सकती है। नीतीश कुमार शुक्रवार शाम दिल्ली से पटना पहुंचे। उन्होंने अपने आवास पर आज जदयू के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है।
बैठक में सरकार में जदयू की भूमिका, मंत्रियों की संख्या और संभावित चेहरों को लेकर चर्चा की जाएगी। वैसे, नई सरकार बनने के सवाल पर मंत्री विजय चौधरी ने कल गोलमोल जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार के सदस्यता ग्रहण करने से बिहार में सरकार बदलने की कोई बात नहीं है। सदस्यता ग्रहण करने से सरकार नहीं बनती है। सरकार इस्तीफा देने से बनती है, शपथ लेने से नहीं। इंतजार कीजिए अभी समय है।
उपराष्ट्रपति ने नीतीश कुमार को दिलाई शपथ
कल नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण किया था। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई। मौके पर बिहार एनडीए के कई नेता मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहे थे। शपथ ग्रहण के दौरान दिलचस्प पल दिखा था, जब जदयू नेता संजय झा ने उन्हें हस्ताक्षर करने के लिए कलम दी। हस्ताक्षर करने के बाद नीतीश ने हल्के अंदाज में कहा था कि हो गया। चलें। उसके बाद उन्हें फोटो सेशन के लिए रुकने की अपील की गई। नीतीश ने इस शपथ के साथ अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वे देश के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं, जो चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं। राज्यसभा में यह उनका पहला कार्यकाल है।
आपके फैसले का करते हैं विरोध
दिल्ली में नीतीश कुमार के सामने नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा था कि हमलोग आपके इस फैसले का विरोध करते है। साथ ही कहा था कि निशांत को सीएम बनाएं या संजय झा, ललन सिंह को सीएम बनाएं। किसी और को नहीं।
बिहार विल मिस यू नीतीश जी
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने पर सोशल मीडिया पर लिखा है-बिहार विल मिस यू नीतीश जी। राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा, आज से बिहार में उनकी सेवा समाप्त होती है।
-
Home
-
Menu

