बिहार को मोदी का बड़ा तोहफा... मिथिलांचल अब पकड़ेगा रफ्तार, 511 करोड़ की परियोजनाओं से सफर होगा शानदार
Bihar News: मुजफ्फरपुर- दरभंगा और मुजफ्फरपुर- कटरा- जनकपुर रोड रेल लाइन परियोजनाओं को नई जिंदगी मिलती दिख रही। पूर्व मध्य रेलवे ने दोनों परियोजनाओं के लिए 511 करोड़ रुपये का आवंटन किया है। इससे काम में तेजी आने की उम्मीद है।

Bihar Rail Project News: बिहार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार से बड़ा तोहफा मिला है। अब मुजफ्फरपुर-दरभंगा और मुजफ्फरपुर-कटरा-जनकपुर रोड (सीतामढ़ी) नई रेल लाइन परियोजनाओं को नई रफ्तार मिलेगी। केंद्र सरकार से बजट आवंटन बाद पूर्व मध्य रेलवे (ECR) ने दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए 511 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी है। इस निवेश से न सिर्फ यात्रा का समय घटेगा, बल्कि मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी के बीच कनेक्टिविटी का नया अध्याय शुरू होगा।
वर्षों पुरानी योजनाओं को मिला नया जीवन
मुजफ्फरपुर से दरभंगा के बीच अभी ट्रेनों को समस्तीपुर होकर 91 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। नई रेल लाइन बनने के बाद यह दूरी घटकर 67 किलोमीटर रह जाएगी। इस 67 किमी लंबे नए रेलखंड के लिए रेलवे ने 282.30 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। यह परियोजना वर्ष 2007-08 से लंबित था। मगर, अब फंड मिलने से निर्माण में तेजी आएगी। इससे मिथिलांचल वं तिरहुत क्षेत्र के बीच व्यापारिक और सामाजिक संबंध और भी मजबूत होंगे।
जनकपुर रोड परियोजना को मिली संजीवनी
मुजफ्फरपुर-कटरा-जनकपुर रोड (सीतामढ़ी) नई रेल लाइन परियोजना के लिए भी 229.05 करोड़ रुपए का प्रावधान हुआ है। 66.55 किलोमीटर लंबी यह रेल लाइन मुजफ्फरपुर के ग्रामीण इलाकों जैसे-कटरा और औराई को सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ देगी। इस रूट के शुरू होने से सीतामढ़ी और नेपाल सीमा पास स्थित जनकपुर रोड तक पहुंचना बेहद सुगम होगा। यह परियोजना वर्ष 2008-09 में मंजूर हुई थी। मगर, फंड की कमी के कारण ठंडे बस्ते में था। अब इन क्षेत्रों के लोगों का दशकों पुराना सपना सच होने की उम्मीद जगी है।
व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे के इस विस्तार से स्थानीय स्तर पर छोटे व्यापारियों वं किसानों को अपने उत्पाद दूसरे शहरों तक पहुंचाने में आसानी होगी। साथ ही नए स्टेशनों के निर्माण से रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
कई जिलों की बदलेगी तस्वीर
दोनों रेल परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उत्तर बिहार के कई जिलों की तस्वीर बदल सकती है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से न सिर्फ सफर आसान होगा, बल्कि रोजगार, व्यापार और विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे।
