न्याय चाहिए, नहीं तो कूद जाऊंगा, सीवान में मृत भाई को इंसाफ दिलाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, बोला- डीएम को...

Siwan Youth On Mobile Tower News: बिहार में युवाओं के मोबाइल टावर पर चढ़ने का ट्रेंड जारी है। कभी प्रेमिका से ब्रेकअप होने पर तो कभी प्रेमिका से शादी करवाने की मांग को लेकर युवक मोबाइल टावर पर चढ़ जा रहे हैं। ताजा मामला ऐसा बिल्कुल नहीं है। सीवान में एक युवक अपने मृत भाई को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहद्दीपुर गांव की है। यहां युवक ने जेल में अपने भाई की संदिग्ध मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इससे इलाके और पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। लोगों की काफी भीड़ जुट गई।
भाई की मौत की जांच कराने के लिए लगातार लगा रहा गुहार
टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान मोहद्दीपुर निवासी असलम मियां के बेटे सैफ उर्फ लालू के रूप में की गई है। वह लगातार जिला प्रशासन से भाई की मौत की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। सैफ का छोटा भाई फैज अनवर अली उर्फ बिहारी 2 अगस्त 2025 को सीवान मंडलकारा में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला था। फैज को 31 जुलाई 2025 को चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल में दो दिनों के भीतर उसकी मौत हो गई।
परिजन पहले भी जता चुके हैं विरोध
इस घटना को लेकर परिजनों ने पहले भी विरोध जताया था। कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज परिवार फिर सड़क पर उतर आया है। घटना के दौरान परिजन इंसाफ दो लिखे बैनर के साथ प्रदर्शन कर रहे थे। मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे। युवक के टावर पर चढ़ने और परिजनों के प्रदर्शन की सूचना सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने युवक को समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की। वह डीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहा था। काफी मशक्कत0 बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
परिजन का दावा-फैज की हत्या की गई
परिवार का आरोप है कि फैज की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। जेल के भीतर उसके साथ साजिश रची गई और बाद में आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। इस घटना ने प्रशासन और जेल व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, परिवार न्याय की मांग पर अडिग है।
-
Home
-
Menu

