नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के बाद होगी बीजेपी की बैठक, बिहार के अगले सीएम के नाम पर बनेगी सहमति, श्रेयसी सिंह को भी बुलाया गया दिल्ली

नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के बाद होगी बीजेपी की बैठक, बिहार के अगले सीएम के नाम पर बनेगी सहमति, श्रेयसी सिंह को भी बुलाया गया दिल्ली
X
Nitish Kumar Oath News: बिहार में नए सीएम के नाम को लेकर दुविधा जल्द खत्म होने वाली है। बीजेपी ने आज पार्टी कोर ग्रुप की बैठक बुलाई है। सीएम नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के बाद यह बैठक होनी है।

Nitish Kumar Oath And BJP Meeting News: बिहार में सत्ता परिवर्तन को लेकर हलचल आज से और तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर 12.15 बजे राज्यसभा सदस्य की शपथ लेंगे। वहीं, बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर बीजेपी ने आज दिल्ली में कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की है।

इस बैठक में अगला सीएम कौन होगा, इस पर चर्चा होगी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक दोपहर 12 बजे के बाद होने की बात कही जा रही है।

ये नेता दिल्ली की बैठक में होंगे शामिल

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा गुरुवार को ही बैठक में शामिल होने को दिल्ली रवाना हो गए थे। श्रेयसी सिंह को भी बैठक में बुलाया गया है। बीजेपी के कौर ग्रुप की बैठक में बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, संजय जायसवाल होंगे। मंत्री दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय भी मौजूद रहेंगे। संगठन स्तर पर भीखू भाई दलसानिया, नागेंद्र जैसे पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं।

इस तरह के चेहरे को तलाश रही बीजेपी

बैठक में बीजेपी आलाकमान की ओर से औपचारिक रूप से प्रदेश कोर कमेटी से मुख्यमंत्री का नाम मांगा जा सकता है। बीजेपी की कोशिश है कि ऐसे चेहरे को मुख्यमंत्री बनाया जाए, जिस पर सबकी सहमति हो। जो बिहार में पार्टी को और मजबूती दे सके। इस बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर आम सहमति बनाने का प्रयास रहेगा। बैठक में चर्चा बाद राष्ट्रीय नेतृत्व आगे का फैसला लेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा के साथ शपथ ग्रहण का शेड्यूल भी तय हो सकता है।

15 अप्रैल को नई सरकार का गठन

14 अप्रैल को खरमास समाप्त होगा। 16 अप्रैल से संसद का विशेष सत्र प्रस्तावित है। ऐसे में 15 अप्रैल को नई सरकार बनने का सही समय है। विशेष सत्र में संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पेश किया जाना है। पार्टी के सभी बड़े नेता वहां रहेंगे। सूत्रों की मानें तो आज नीतीश कुमार राज्यसभा की शपथ लेने के बाद कल बिहार लौटेंगे। 12 से 13 अप्रैल के बीच NDA के घटक दल अपने-अपने नेता का चयन करेंगे। 14 अप्रैल को NDA विधायक दल के नेता का ऐलान होगा। उसके बाद सीएम नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपे देंगे। 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन संभव हो सकता है।

NDA नेतृत्व तय करेंगा नया सीएम: संजय सरावगी

बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नीतीश कुमार आज राज्यसभा सदस्य की शपथ लेंगे। उसके बाद NDA नेतृत्व तय करेगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। ये सब नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में हो रहा।

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद नई सरकार की पहल शुरू होगी: रामकृपाल

मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि नीतीश कुमार आज राज्यसभा सदस्य की शपथ लेंगे। फिर बिहार में नई सरकार बनेगी। कांग्रेसी कुछ भी करे, उससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।

Tags

Next Story