Bihar News: सड़कों की गुणवत्ता पर जीरो टॉलरेंस, सचिव पंकज कुमार पाल ने उड़नदस्ता टीम को दिए सख्त निर्देश
Bihar News: पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने आज विभागीय सभागार में उड़नदस्ता टीम (Flying Squad) के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।

पटना, 16 फरवरी, 2026: पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने आज विभागीय सभागार में उड़नदस्ता टीम (Flying Squad) के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य की सड़कों की वास्तविक गुणवत्ता का जानकारी लेना एवं जनता की बढ़ती शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना।
सचिव ने बैठक में कहा कि विभाग सड़कों की गुणवत्ता के मामले में किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने उड़नदस्ता टीम को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों के निर्माण की सभी जांच प्रकिया पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ हो। किसी भी ठेकेदार या अन्य किसी भी व्यक्ति के दबाव या प्रभाव में आकर जांच न करें। सैंपल टेस्टिंग, डिजाइन, ड्रेनेज सिस्टम और सामग्री की गुणवत्ता की गहन जांच करने हेतु टीम को निदेशित किया गया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच के दौरान यदि कम गुणवत्ता, घटिया सामग्री, मोटाई में कमी, समय-सीमा उल्लंघन या कोई अन्य अनियमितता पाई गई तो दोषियों के खिलाफ तत्काल विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उड़नदस्ता टीम को बेतिया, अररिया, कोचस, सुपौल सहित बिहार के सभी प्रमुख मार्गों पर तत्काल सघन जांच शुरू करने हेतु निदेशित किया गया। विभाग सड़कों की गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने सड़क के गुणवत्तापूर्ण निर्माण, मेंटनेंस, समयबद्धता पर जोर दिया।
