Begin typing your search above and press return to search.

Bihar News: नेशनल डिफेंस कॉलेज के अध्ययन दल के साथ उच्चस्तरीय बैठक, विकास मॉडल, महिला सशक्तिकरण और औद्योगिक निवेश पर हुई चर्चा

Bihar News: मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में नेशनल डिफेंस कॉलेज के अध्ययन दल के साथ उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुआ, जिसमें बिहार के विकास मॉडल, महिला सशक्तिकरण और औद्योगिक निवेश पर विस्तृत चर्चा की गई.

Bihar News: नेशनल डिफेंस कॉलेज के अध्ययन दल के साथ उच्चस्तरीय बैठक, विकास मॉडल, महिला सशक्तिकरण और औद्योगिक निवेश पर हुई चर्चा
X
By Anjali Vaishnav

पटना, 03 फरवरी 2026: मुख्य सचिव, बिहार, प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में 'नेशनल सिक्योरिटी एंड स्ट्रैटेजिक स्टडीज' (National Security and Strategic Studies) विषय पर नेशनल डिफेंस कॉलेज (NDC) के 66वें कोर्स के 16 सदस्यीय अध्ययन दल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस 16 सदस्यीय दल का नेतृत्व मेजर जनरल पवनपाल सिंह ने किया।

इस प्रतिनिधिमंडल में भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना के अधिकारियों के साथ-साथ ओमान, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका और उज़्बेकिस्तान के प्रतिनिधि भी शामिल थे। बैठक में ग्रामीण विकास, जीविका, ऊर्जा, उद्योग, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, गृह विभाग एवं मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का शुभारंभ करते हुए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री की ओर से प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। बिहार की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, "आप उस धरती पर आए हैं जहाँ उगते सूरज के साथ-साथ ढलते सूरज की भी पूजा की जाती है। बिहार की पावन धरती पर आप सभी का हार्दिक स्वागत है।"

उन्होंने कहा कि पिछले 15-20 वर्षों में बिहार ने तमाम चुनौतियों के बावजूद विकास के हर क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है और आर्थिक विकास दर में अग्रणी रहा है। वर्ष 2025 के चुनाव में मुख्यमंत्री को मिले स्पष्ट बहुमत को उन्होंने राज्य में सुशासन और विकास की जीत बताया। उन्होंने बताया कि बिहार एक कृषि प्रधान राज्य है और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बिहार ने एक मिसाल कायम की है। राज्य में समर्पित महिला पुलिस बटालियन और हर क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी इसका प्रमाण है। बिहार का 'जीविका' कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और गरीबी उन्मूलन का एक सफल मॉडल है, जिसकी तर्ज पर केंद्र सरकार ने 'राष्ट्रीय आजीविका मिशन' की शुरुआत की है। पिछले एक दशक में राज्य के लगभग सभी घरों तक बिजली पहुँचाई गई है और गरीबों को न्यूनतम दरों पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, सड़कों और हाईवे का एक विशाल जाल बिछाया गया है, जिससे सुगमता बढ़ी है। बिहार अब औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाने को तैयार है। अडाणी समूह जैसी बड़ी कंपनियों द्वारा राज्य में 30,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। पलायन की समस्या को हल करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। पिछले 4-5 वर्षों में 10 लाख से अधिक सरकारी और गैर-सरकारी नौकरियां दी गई हैं, और अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसके बाद अध्ययन दल के सदस्यों ने कई प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। इसके पश्चात ऊर्जा विभाग और स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों में हो रहे विकासात्मक कार्यों और उपलब्धियों पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।

बैठक के अंत में मेजर जनरल पवनपाल सिंह ने बिहार में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना की। उन्होंने कहा कि "बिहार बदल रहा है" और अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालने के लिए मुख्य सचिव को धन्यवाद दिया। अंत में मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।

Anjali Vaishnav

अंजली वैष्णव मैंने छत्तीसगढ़ के कल्याण कॉलेज भिलाई से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म करने के बाद रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में M.sc Electronic Media की पढ़ाई की. इस दौरान मैने 2021 से TCP News, फिर TV 24 MPCG में बतौर कंटेट राइटर और बुलेटिन प्रोड्यूसर का कार्य किया, वर्तमान में मैं NPG.NEWS में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं, कंटेंट राइटिंग के साथ मुझे रिपोर्टिंग करना पसंद है.

Read MoreRead Less

Next Story