Begin typing your search above and press return to search.

Bihar News: CM नीतीश ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्य का किया निरीक्षण, तेजी से पूर्ण करने का दिया निर्देश

Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया।

Bihar News: CM नीतीश ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्य का किया निरीक्षण, तेजी से पूर्ण करने का दिया निर्देश
X
By Anjali Vaishnav

पटना, 04 फरवरी 2026 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुनर्विकास और निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित आपातकालीन भवन (फेज-1) के प्रथम तल पर रेडियोलॉजी विभाग में उपलब्ध करायी गयी स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि रेडियोलॉजी विभाग में विश्वस्तरीय सी०टी० स्कैन, एम०आर०आई० मशीनों के अलावा हर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है। नवनिर्मित आपातकालीन भवन के पांचवे तल पर पहुँचकर मुख्यमंत्री ने शिशु विभाग में उपलब्ध करायी गयी स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एन०आई०सी०यू० (निओनेटिकल इंटैन्सिव केयर यूनिट) वार्ड, नर्स स्टेशन, स्वच्छ एवं मलिन वस्त्र भंडार आदि का जायजा लिया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रांगण में चल रहे पुनर्विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पटना मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के पुनर्विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पुनर्विकास कार्य के तहत पी०एम०सी०एच० को 5462 बेड की क्षमता के रूप में विस्तार कर कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है जहां मरीजों के लिए विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा के अंदर कार्य पूर्ण करायें। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए काम को पूरा करायें। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं को आधुनिक बनाने के साथ ही यहाँ चिकित्सकों के आवासन की सुविधा भी सुनिश्चित करायें। यहाँ आनेवाले मरीजों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, उन्हें अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा और ससमय इलाज मिल सके इसका विशेष रूप से ख्याल रखें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पी०एम०सी०एच० में पढ़नेवाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ के लिये जो आवासन की व्यवस्था की जायेगी, उसका निर्माण भी बेहतर ढंग से एवं तेजी से पूर्ण करायें। पी०एम०सी०एच० 5462 बेड की क्षमता के रूप में विस्तारित किया जा रहा है। यहां अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं की सारी व्यवस्थायें सुनिश्चित करायें। मुख्यमंत्री ने जे०पी० गंगा पथ पर विकसित किये जा रहे पार्क एवं सौंदर्गीकरण कार्य का भी जायजा लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव हिमांशु शर्मा, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ० राजीव कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधन से जुड़े चिकित्सकगण उपस्थित थे।

Anjali Vaishnav

अंजली वैष्णव मैंने छत्तीसगढ़ के कल्याण कॉलेज भिलाई से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म करने के बाद रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में M.sc Electronic Media की पढ़ाई की. इस दौरान मैने 2021 से TCP News, फिर TV 24 MPCG में बतौर कंटेट राइटर और बुलेटिन प्रोड्यूसर का कार्य किया, वर्तमान में मैं NPG.NEWS में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं, कंटेंट राइटिंग के साथ मुझे रिपोर्टिंग करना पसंद है.

Read MoreRead Less

Next Story