Begin typing your search above and press return to search.

बिहार में किसके सिर सजेगा सीएम का ताज? आरएसएस के करीबी नेता का सामने आया नाम

Bihar New CM: बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस अब भी बरकरार है। वैसे, सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद सम्राट चौधरी के अगले मुख्यमंत्री बनने के कयास लगाए जा रहे हैं। इस रेस में अब प्रेम कुमार का भी नाम आ रहा है।

बिहार में किसके सिर सजेगा सीएम का ताज? आरएसएस के करीबी नेता का सामने आया नाम
X

इमेज सोर्स- AI

By Anjali Vaishnav



Bihar Next CM Name: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद प्रदेश में नई सरकार बनने में अब काफी कम समय रह गया है। नए मुख्यमंत्री के नाम से नई सरकार के प्रारूप तक को लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। अगले मुख्यमंत्री को लेकर दो नाम काफी चर्चा में हैं। पहला उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के करीबी प्रेम कुमार का।

सीएम की रेस में प्रेम कुमार का नाम तब चर्चा में आया है, जब उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई। दरअसल, वह हाल में आरएसएस के नागपुर मुख्यालय में गए हैं। वहां उन्होंने डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित की। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री आरएसएस के करीबी प्रेम कुमार होंगे।

शाह ने कहा था-सम्राट चौधरी को पीएम मोदी बड़ा आदमी बनाने वाले हैं

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मुंगेर के तारापुर में जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा था आप लोग (जनता) सम्राट चौधरी जी को भारी मतों से जिताएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इन्हें बहुत बड़ा आदमी बनाने वाले हैं। ऐसे में नीतीश कुमार के बाद बिहार की बागडोर सम्राट चौधरी को मिलने की संभावना है। हालांकि, भाजपा के कई बड़े नेता भाजपा मुख्यालय दिल्ली और संघ मुख्यालय नागपुर का चक्कर लगा रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी हाल में 3 दिन दिल्ली में रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। हालांकि, इन मुलाकातों को अनौपचारिक और सीक्रेट रखा गया है। इसकी कोई तस्वीर किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर या मीडिया में जारी नहीं की गई है।

किसी नए चेहरे को मौका दे सकती है भाजपा

यह भी संभावना है कि भाजपा किसी नए चेहरे को आगे बढ़ाकर सभी को चौंका दे। ऐसा पार्टी कुछ राज्यों में कर चुकी है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा ने सबको चौंकाते हुए मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया। इसी तरह छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साई और राजस्थान का सीएम भजन लाल शर्मा को बनाया। नए चेहरे में जमुई से विधायक और मंत्री श्रेयसी सिंह का नाम चर्चा में है। वैसे, श्रेयसी का प्रभाव क्षेत्रीय स्तर तक सीमित है, लेकिन युवा होने की वजह से उन्हें सीएम पद के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा।

Anjali Vaishnav

अंजली वैष्णव मैंने छत्तीसगढ़ के कल्याण कॉलेज भिलाई से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म करने के बाद रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में M.sc Electronic Media की पढ़ाई की. इस दौरान मैने 2021 से TCP News, फिर TV 24 MPCG में बतौर कंटेट राइटर और बुलेटिन प्रोड्यूसर का कार्य किया, वर्तमान में मैं NPG.NEWS में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं, कंटेंट राइटिंग के साथ मुझे रिपोर्टिंग करना पसंद है.

Read MoreRead Less

Next Story