Begin typing your search above and press return to search.

Bankipur Vidhan Sabha Chunav Result 2025: नितिन नबीन ने बनाया जीत का कीर्तिमान, पांचवी बार चुनाव जीते, छत्तीसगढ़ भाजपा के सह प्रभारी हैं नबीन

Bankipur Vidhan Sabha Chunav Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीएन को मिली भारी सफलता की चर्चा छत्तीसगढ़ सहित देशभर में हो रही है। छत्तीसगढ़ में एक और शख्स हैं जिनकी जीत की चर्चा तो हो ही रही है,साथ ही बधाई देने का सिलसिला भी अनवरत जारी है। छत्तीसगढ़ भाजपा के सत्ता के गलियारे और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स में प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी और बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट से पांचवी बार चुनाव जीतने वाले नितिन नबीन को बधाई देने का सिलसिला चल पड़ा है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नितिन नबीन छाए हुए हैं।

Bankipur Vidhan Sabha Chunav Result 2025: नितिन नबीन ने बनाया जीत का कीर्तिमान, पांचवी बार चुनाव जीते, छत्तीसगढ़ भाजपा के सह प्रभारी हैं नबीन
X
By Radhakishan Sharma

Bankipur Vidhan Sabha Chunav Result 2025: रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के सह प्रभारी नितिन नबीन ने बांकीपुर विधानसभा सीट से आरजेडी के रेखा कुमारी को 50 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराकर चुनाव जीते हैं। यह उनकी पांचवी जीत है। विधानसभा चुनाव में लगातार जीत का नबीन ने कीर्तिमान भी रच दिया है।

बांकीपुर विधानसभा सीट, बिहार के पटना जिले में स्थित है और यह पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। बांकीपुर विधानसभा अनारक्षित सीट है। यह इलाका शहरी क्षेत्र में आता है। नितिन नबीन इस सीट से लगातार विजयी रहे हैं। उन्होंने 2020 के चुनाव में करीब 83,068 वोटों के साथ जीत दर्ज की थी।

इस सीट पर नितिन नबीन को भाजपा ने फिर से मैदान में उतारा गया था। आरजेडी ने रेखा कुमारी पर विश्वास जताया था। इन दोनों के अलावा जन सुराज पार्टी, आप और अन्य दल और स्वतंत्र उम्मीदवार भी इस सीट पर सक्रिय थे। 2020 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर करीब 35 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि इस बार करीब 41 प्रतिशत मतदान हुआ है।

बांकीपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नितिन नबीन की वोट हिस्सेदारी करीब 65.12% रही। उनका मुख्य मुकाबला रेखा कुमारी से ही था , जिन्हें करीब 26.32% वोट मिले। यह सीट भाजपा के लिए परंपरागत रूप से मजबूत गढ़ रही है।

विधायक सुशांत शुक्ला ने किया था कैंप

बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशांत शुक्ला ने बांकीपुर विधानसभा में कैंप किया था। समर्थकों के साथ विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथों में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने के साथ ही जमकर कैंपेनिंग की थी। नबीन के जीत के बाद विधायक ने उन्हें बधाई दी है। सुशांत शुक्ला के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा सहित मंत्रियों व संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने बांकीपुर विधानसभा सीट पर कैंपेनिंग की थी।

सोशल मीडिया में बधाई का दौर

सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर छत्तीसगढ़ भाजपा के सह प्रभारी नितिन नबीन को बधाई देने का सिलसिला चल पड़ा है। भाजपा के मंत्री व संगठन से जुड़े पदाधिकारी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर रिकॉर्ड जीत की बधाई दे रहे हैं।

कौन हैं नितिन नबीन

छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन बिहार सरकार में नगरीय विकास और आवास मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा विधायक रह चुके हैं। वे जनसंघ और बीजेपी के कद्दावर नेता थे। बिहार में बीजेपी को खडा करने में उनकी अहम भूमिका रही। उनकी राजनैतिक विरासत सम्हाल रहें नितिन नबीन भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष व लगातार दो बार राष्ट्रीय महामंत्री रहें है। 2006 में पहली बार विधायक बने। 2020 के विधानसभा चुनाव में तकरीबन 84 हजार वोटों से जीते थे। उन्होंने वालीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को हराया था।

जन्म और परिवार

छत्तीसगढ़भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन का जन्म 1980 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। 12वीं तक पढ़ाई करने वाले नितिन नबीन ने पिता की मौत के बाद उनकी राजनीतिक विरासत को संभाला। नितिन नबीन का विवाह डॉक्टर दीपमाला श्रीवास्तव से हुआ है।

युवा मोर्चा समेत कई दायित्वों का किया निर्वहन

नितिन नबीन भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार के अध्यक्ष रहे हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के लगातार दो बार राष्ट्रीय महामंत्री भी रहे हैं। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव रहे। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रहने के दौरान जम्मू कश्मीर में राष्ट्रीय एकता यात्रा, 1965 के शहीदों को नमन करने हेतु गुवाहाटी से तवांग तक श्रद्धांजलि यात्रा और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सांसद घेरा आबादी के बड़े सफल कार्यक्रमों का नेतृत्व किया। नॉर्थ ईस्ट में कई राज्यों के प्रभारी व पर्यवेक्षक रह चुके हैं। सिक्किम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी के रूप में उनके कार्यों को काफी सराहा गया था।


Next Story