मध्य प्रदेश से शादी करने पहुंचा दूल्हा पहुंचा हवालात, 15 लोगों की बारात भी पुलिस हिरासत में, जानिए विक्रमगंज का पूरा मामला

मध्य प्रदेश से शादी करने पहुंचा दूल्हा पहुंचा हवालात, 15 लोगों की बारात भी पुलिस हिरासत में, जानिए विक्रमगंज का पूरा मामला
X
Bikramganj News : बिहार के बिक्रमगंज में पुलिस ने मैरेज हॉल में छापेमारी कर दूल्हा समेत 16 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि नाबालिग की शादी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Bihar Viral Marriage News: बिहार के रोहतास जिले में बिक्रमगंज में पुलिस ने मैरिज हॉल पर छापेमारी करके शादी रोकवा दी। शिवा मैरिज हॉल में शादी के लिए मध्य प्रदेश से आए दूल्हे समेत 16 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नाबालिग लड़की की शादी कराई जा रही है। इस सूचना पर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उस समय शादी की तैयारियां चल रही थीं। मगर, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समारोह को रोक दिया। मौके से नकदी और गहने भी जब्त किए।

सूत्रों के अनुसार दूल्हा पक्ष के लोग मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से बारात लेकर बिक्रमगंज पहुंचे थे। रतलाम के बड़ामदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलादड़ी के रहने वाले शंकर लाल चौहान अपने बेटे कमल चौहान की शादी करने को यहां आए थे। उनके साथ कई रिश्तेदार और दोस्त भी थे। सभी मध्य प्रदेश से आए थे। दुल्हन पक्ष के लोग बक्सर और रोहतास जिलों के विभिन्न गांवों के रहने वाले हैं।

पुलिस हिरासत में दोनों पक्षों ने दिया अलग-अलग बयान

पुलिस मैरिज हॉल में घुसी तो वहां अफरा-तफरी मच गई। हिरासत में लिए जाने के बाद दूल्हा पक्ष और दुल्हन पक्ष के लोगों ने पुलिस को अलग-अलग बयान दिए। इससे पुलिस का शक और गहरा गया। दूल्हा पक्ष ने दावा किया कि वे बिक्रमगंज घूमने आए थे। वैसे, मैरिज हॉल की बुकिंग और मौके पर गहनों और नकदी की मौजूदगी ने उनके दावों पर सवाल खड़े कर दिए। दुल्हन के पिता ने बयान दिया कि उनकी बेटी नाबालिग है। वे बस लड़का देखने के लिए आए थे। लड़का पसंद नहीं आया। वह पसंद आ जाता तो भविष्य के लिए शादी की तारीख तय की जाती। दोनों पक्षों के बयानों में विरोधाभास होने और यह पुष्टि होने पर कि लड़की नाबालिग है, पुलिस ने दूल्हे समेत 16 लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है।

पुलिस टीम कर रही जांच

रोहतास एसपी रोशन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा था। 16 लोग हिरासत में हैं। उनसे पूछताछ की जा रही। नाबालिग की सुरक्षा सुनिश्चित कर ली गई है। पूरे मामले से जुड़ी आधिकारिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सार्वजनिक की जाएगी।

Tags

Next Story