नपुंसक कहने पर 5 साल के बच्चे से किया कुकर्म, फिर गला रेतकर मार डाला, जहानाबाद के हॉस्टल में गार्ड बना हैवान

Bihar Jahanabad Child Rape And Murder News : बिहार की जहानाबाद पुलिस ने 5 साल के यूकेजी क्लास के एक छात्र की हत्या का मामला सुलझा लिया है। हत्या 6 अप्रैल को जहानाबाद जिले के करौना थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधीपुर गांव स्थित निजी आवासीय स्कूल में हुई थी। आज एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि बच्चे की हत्या हॉस्टल के ही गार्ड मुकेश कुमार उर्फ सुदामा ने की थी। आरोपी ने पहले छात्र के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए और पकड़े जाने के डर से उसका गला रेत दिया।
एसपी ने बताया कि विशेष जांच दल (SIT) की जांच में पूरा सच सामने आया। पुलिस ने पाली थाना क्षेत्र में रहने वाले आरोपी सुदामा से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल किया। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी छोड़कर चली गई थी। मैं गहरे तनाव में था। हॉस्टल के बच्चे मुझे नपुंसक कहकर चिढ़ाते थे। इस वजह से मेरे मन में बच्चों के प्रति नफरत पैदा हो गई थी। मैं घटना वाली रात नशे में था। मैंने गुस्से में आकर अपराध कर दिया।
छात्र के शरीर पर थे निशान
6 अप्रैल को छात्र के परिजनों को कॉल करके बताया गया कि उनका बच्चा बीमार है। जब छात्र के दादा और रिश्तेदार हॉस्टल पहुंचे तो बच्चे की हालत देख चौंक गए। बच्चे के शरीर पर धारदार हथियार से गहरे घाव किए गए थे। उसकी गर्दन, चेहरे और गुप्तांगों पर हमला किया गया था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीन डॉक्टरों के ने पुष्टि की कि बच्चे की गला काटकर हत्या करने से पहले उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया था।
कैसे हुआ खुलासा?
सदर SDPO मनीष चंद्र चौधरी के नेतृत्व में गठित SIT की जांच में CCTV फुटेज से गार्ड सुदामा की संदिग्ध गतिविधियों का पता चला। उस रात उसे कई बार सीढ़ियों से ऊपर-नीचे आते-जाते देखा गया। एफएसएल टीम को आरोपी की रसोई के सिंक में खून के धब्बे मिले। बाथरूम की खिड़की के पास उस धारदार हथियार को बरामद किया, जिसका इस्तेमाल बच्चे का गला काटने के लिए किया गया था। इस हथियार पर भी खून के धब्बे पाए गए।
और कौन हिरासत में?
परिवार वालों के आरोपों के आधार पर पुलिस पहले ही हॉस्टल संचालक तरुण कुमार उर्फ गांधी को न्यायिक हिरासत में भेज चुकी थी। जांच में पता चला कि संचालक और गार्ड के बीच संबंध तनावपूर्ण थे। आरोपी का इरादा हॉस्टल को बदनाम करके उसे बंद करवाने का था। पुलिस अधीक्षक (SP) ने आश्वासन दिया है कि आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल की जाएगी।
पप्पू यादव ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव आज जहानाबाद पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, आज मैं जहानाबाद जिले के बुलाखी बीघा गांव में धनंजय यादव और उनके परिवार से मिलने और उनके दुख में शामिल होने गया था। हाल में उनके चार साल के बेटे की हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थितियों में दुखद मौत हो गई। यह इस परिवार के लिए असहनीय दुख है। पप्पू ने लिखा, हमने शोकाकुल परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और अपनी तरफ से 20,000 की आर्थिक सहायता दी।
-
Home
-
Menu

