Weather News: पांच दिनों तक जारी रहेगा घना कोहरा, मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट...

नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर भारत में घने कोहरे की स्थिति जारी रहने की संभावना है, जबकि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर भारत में अधिक ठंडे दिन की स्थिति बनी रहने और उसके बाद तीव्रता में कमी आने की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने अपने दैनिक बुलेटिन में कहा कि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 130-150 समुद्री मील की जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। आईएमडी ने कहा, ''इससे ठंडी हवाएं नीचे आ रही हैं और उत्तर भारत में ठंडे दिन की स्थिति बढ़ रही है। अगले 3-4 दिनों के दौरान जेट स्ट्रीम की इसी तरह की तीव्रता जारी रहने की संभावना है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार से रविवार तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में छिटपुट बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है।''
आईएमडी ने आगे कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3-7 डिग्री सेल्सियस के बीच है। आईएमडी ने कहा, ''दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में ये सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस नीचे है और पंजाब और हरियाणा में सामान्य है। आज सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दतिया में दर्ज किया गया।"
आईएमडी ने आगे चेतावनी दी कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह के लिए घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। ''सोमवार रात और शनिवार सुबह के बीच दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की स्थिति होने की संभावना है। राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शुक्रवार सुबह तक और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बुधवार सुबह के लिए घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है।''
आईएमडी ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा, ''अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। मंगलवार तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना है।''
आईएमडी ने कहा कि सोमवार और मंगलवार को उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर जमीन पर पाला पड़ने की संभावना है।

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
Tags
-
Home
-
Menu
