मौसम अलर्ट: उत्तरी और दक्षिणी हवा के संगम से छत्तीसगढ़ के एक-दो हिस्सों में हो सकती है बारिश; सबसे गर्म रहा महासमुंद
जगदलपुर, कटेकल्याण, बास्तानार, लोहंडीगुड़ा में बारिश

रायपुर, 07 अप्रैल 2022। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। हालांकि तापमान में कोई विशेष वृध्दि नहीं होगी। गुरुवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह बुधवार से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। सबसे ज्यादा 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान महासमुंद में दर्ज किया गया, जबकि दूसरे नंबर पर बिलासपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक छत्तीसगढ़ के उत्तर में उत्तरी और दक्षिण में दक्षिणी हवा का संगम स्थल मध्य छत्तीसगढ़ बना हुआ है। इसके कारण दक्षिण छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। उत्तर छग में अधिकतम तापमान वृद्धि होने की सम्भावना है, परन्तु कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की सम्भावना है।
