जेल से छूटते ही चोरी, फिर जेल में: शांतिनगर कॉलोनी में चोरी करने वाले कुछ घंटे में ही फंसे, पूरा कैश-गहने बरामद
रविवार को दोपहर से बंद था मकान और रात में ही चोरी की वारदात

रायपुर, 11 अप्रैल 2022। राजधानी पुलिस ने चोरी के जुर्म में सोमवार को ऐसे आरोपी को पकड़ा, जो कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था और आते ही शांतिनगर स्थित सिंचाई कॉलोनी में चोरी की। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने चोर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से चोरी की रकम और गहने भी मिल गए हैं।
सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक सिंचाई कॉलोनी के पुनीत राम वर्मा रविवार को दोपहर घर में ताला लगाकर भिलाई गए थे। वे सोमवार को सुबह 8 बजे पहुंचे, तब चोरी का पता चला। आलमारी में 30 हजार कैश, सोने की अंगूठी व कुछ और गहने थे। सब मिलाकर कीमत 80 हजार थी। वर्मा ने थाने में रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने अपने मुखबिरों को जब टटोला, तब पता चला कि पुराना निगरानी बदमाश शेख मिन्हाज उर्फ राजा कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा है। उसे पवन यादव के साथ सिंचाई कॉलोनी की ओर देखा गया है। पुलिस ने मिन्हाज के घर पर दबिश दी। इतने कम समय में पुलिस घर पहुंच जाएगी, उसे अंदेशा नहीं था, इसलिए पुलिस के सामने 10 हजार कैश, अंगूठी और चार नग खिनवा रख दिया। उसने बताया कि 20 हजार पवन के पास है। पुलिस तुरंत पवन के घर पर धमक गई। उससे 20 हजार कैश और ताला तोड़ने के जिस औजार का इस्तेमाल किया था, वह भी बरामद कर लिया।
