Begin typing your search above and press return to search.

राखी बांधने मायके नहीं आई नवविवाहिता, भाई ससुराल पहुंचा तो पता चला, दफना दिया गया है बहन को... पुलिस ने कब्र खोद निकलवाया शव

राखी बांधने मायके नहीं आई नवविवाहिता, भाई ससुराल पहुंचा तो पता चला, दफना दिया गया है बहन को... पुलिस ने कब्र खोद निकलवाया शव
X
By NPG News

बिलासपुर। बिलासपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक महिला राखी पर घर नही पहुँची तो उसके भाई व भाभी बहन के ससुराल नही पहुँचने का कारण जानने पहुँचे। वहां ससुराल वालों से पता चला कि उसकी बहन ने फांसी लगा ली है, जिसके शव को फंदे से उतार कर ससुराल वालों ने कब्र खोद कर दफना दिया है। पुलिस से हुई शिकायत के बाद पुलिस ने कब्र खोद कर शव निकलवा पीएम के लिए भेजा है।

मिली जानकारी के अनुसार मामला पचपेढ़ी थाना क्षेत्र का है। ग्राम पंचायत मनवा की रहने वाली तीस वर्षीय महेश्वरी पटेल पति फूलकरण पटेल अपने पति व ससुराल वालों के साथ गांव में रहती थी। महेश्वरी पटेल का मायके पचपेढ़ी थाना क्षेत्र का ही खोगसरी गांव था। 9 माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। 12 अगस्त की सुबह महेश्वरी ने अपने परिवार वालो को खाना बना कर खिलाया। फिर उसके पति व ससुराल वाले खेत चले गए। कुछ समय बाद फूलकरण पटेल को उसके पड़ोसियों ने बताया कि उसकी पत्नी ने अपने कमरे में फांसी लगा ली है। सूचना पर फुलकरण व उसके घर वाले घर पहुँचे। उन्होंने देखा कि फाँसी में लटकने से महेश्वरी की मौत हो गई है। घर वालो ने शव को उतार कर कफ़न दफन करते हुए कब्र खोद कर दफना दिया। इसकी सूचना न पुलिस को दी गई और न ही महेश्वरी के मायके वालों को।

मृतका का छोटा भाई विनोद पटेल अपनी भाभी को लेकर उनके मायके कुकरदीकला गांव गया हुआ था। मनवा गांव के पास ही कुकरदीकला है। राखी में महेश्वरी अपने मायके नही पहुँची थी। लिहाजा विनोद पटेल अपनी भाभी को लेकर अपनी बहन के ससुराल मनवा में बहन से मिलने पहुँचा। यहां पहुँचने पर बहन के ससुराल वालों ने बताया कि उसकी बहन ने फांसी लगा ली थी। जिसे फंदे से उतार कर दफना दिया गया है। मायके वालों को बिना सूचना दिए बहन को दफनाने पर भाई विनोद पटेल ने बहन की हत्या करने का आरोप उसके ससुराल वालों पर लगाया। विनोद पटेल ने इसकी सूचना पचपेढ़ी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने एसडीएम से विधिवत अनुमति प्राप्त कर कब्र को खुदवा कर मृतका के शव को निकलवाया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ताकि उसकी रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सके और आगे की कार्यवाही की जा सके। फिलहाल पुलिस मृतिका के ससुराल वालों से पूछताछ में जुटी है।

Next Story