
बिलासपुर/8 फरवरी,2022- नगर निगम के चिल्हाटी स्थित सिवरेज ट्रिटमेंट प्लांट में घुसकर बीती रात कुछ लोगों ने कर्मचारियों को बंधक बना लिया और फिर बंद ट्रांसफार्मर से दो लाख से अधिक का तांबा निकालकर ले भागे। घटना के बाद पीड़ित कर्मचारियों ने सुबह इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की।
दरअसल ये पूरी घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के चिल्हाटी में नगर निगम का सिवरेज ट्रिटमेंट प्लांट की है। रविवार की रात प्लांट में हेल्पर मनोज केंवट और विरेंद्र भूतिया की ड्यूटी थी। रात 11 बजे कुछ लोग प्लांट में आए और खुद को अंबिकापुर स्थित प्लांट का कर्मचारी बताया। आरोपियों ने प्लांट के कर्मचारियों को आपरेटिंग रूम में ले गए और ट्रांसफार्मर के संबंध में जानकारी लेने लगे। इसके बाद आरोपियों ने कर्मचारियों का मोबाइल जबरन ले लिया और अपने पास रख लिए। साथ ही कमरे में कर्मचारियों को बंधक बनाकर ट्रांफार्मर से डेढ़ लाख के तांबे निकाल लिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सरकंडा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। प्लांट में 12 लोग काम करते हैं। इसमें अधिकतर ओडिशा के रहने वाले हैं। कुछ कर्मचारी छुट्टी पर हैं। सभी कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके साथ ही ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा जाएगी।
