Resignation of Deputy Collector Megha Tiwari-डिप्टी कलेक्टर का इस्तीफा: एसडीएम के पद से हटाए जाने से थी नाराज...

Resignation of Deputy Collector Megha Tiwari मुरैना। एसडीएम के पद से हटाए जाने से नाराज महिला डिप्टी कलेक्टर मेघा तिवारी ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया। उन्हें सबलगढ़ एसडीएम के पद से हटाकर निर्वाचन कार्य में संलग्न किया गया था। जिससे खफा महिला डिप्टी कलेक्टर ने अपर कलेक्टर को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
मुरैना जिले के सबलगढ़ राजस्व अनुविभाग में डिप्टी कलेक्टर मेघा तिवारी एसडीएम के पद पर तैनात थीं। वह पिछले 6 माह से एसडीएम का दायित्व संभाल रहीं थीं। मिली जानकारी के अनुसार अभी हाल ही में राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों के तबादले हुए थे। इस तबादले में मुरैना जिले को भी 4 नए डिप्टी कलेक्टर मिले थे। नए डिप्टी कलेक्टरों के जिले में आमद देने के बाद मुरैना जिले की कलेक्टर अंकित अस्थाना ने जिले में प्रशासनिक कसावट हेतु डिप्टी कलेक्टरों के मध्य कार्य विभाजन किया था। उक्त प्रशासनिक सर्जरी में सबलगढ़ में एसडीएम का दायित्व संभाल रही डिप्टी कलेक्टर मेघा तिवारी से एसडीएम का दायित्व वापस लेते हुए उन्हें वहां से हटाकर दिमनी में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर यानी कि एआरओ बना दिया गया था। इस वर्ष राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। मेघा तिवारी को निर्वाचन संबंधी दायित्व सौंपे गए थे। पर मेघा तिवारी एसडीएम के पद से हटाए जाने से बेहद खफा हुई और उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
मेघा तिवारी की जगह डिप्टी कलेक्टर वीरेंद्र कटारे को सबलगढ़ का नया एसडीएम बनाया गया है। एसडीएम की कुर्सी से हटाए जाने से महिला डिप्टी कलेक्टर का नौकरी से ही मन उचट गया और नाराज डिप्टी कलेक्टर ने बुधवार की शाम अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद के दफ्तर में जाकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस संबंध में अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद से जब मीडिया ने पूछताछ की तब उन्होंने डिप्टी कलेक्टर मेघा तिवारी द्वारा कोई पत्र दिए जाने की पुष्टि तो की पर पत्र में क्या लिखा है यह नहीं पढ़ पाने की बात कही। दूसरी तरफ डिप्टी कलेक्टर मेघा तिवारी ने भी इस्तीफा सौंपने के बाद मीडिया से दूरी बना ली है और अपना मोबाइल बंद कर लिया है। महिला डिप्टी कलेक्टर के इस्तीफा देने के बाद राज्य के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
