नीतीश कुमार के कार्यक्रम में भारी हंगामा, छात्र बोले-हम यूनिवर्सिटी को बीजेपी का कार्यालय नहीं बनने देंगे
Nitish Kumar News: पटना यूनिवर्सिटी में आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में छात्रों ने जमकर हंगामा किया। डीएम पर भी गंभीर आरोप लगाए।

Nitish Kumar Patna University News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना यूनिवर्सिटी में अकादमिक और प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करने पहुंचे। इस दौरान छात्र नेताओं ने हंगामा किया। छात्रों ने पटना डीएम चोर है। डिप्टी सीएम गो बैक के नारे भी लगाए। सीएम नीतीश के पहुंचने से पहले भी छात्र नेता नारेबाजी कर रहे थे।
पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर का कहना है कि इस कार्यक्रम के बारे में हमें जानकारी नहीं दी गई थी। कुलपति को भी इसके लिए निमंत्रण नहीं दिया गया है। हंगामे के चलते सीएम ने 7 से 8 मिनट में कार्यक्रम खत्म कर वहां से निकल गए। इस दौरान मुख्यमंत्री कैंपस में जहां-जहां गए छात्र नेता उनके पीछे-पीछे जाते रहे।
आप अपने लिए खड़े होइए सर, हमलोग आपके साथ हैं
वीसी से छात्रों ने कहा कि आप अपने लिए खड़े होइए सर, हमलोग आपके साथ हैं। हम यूनिवर्सिटी को बीजेपी का कार्यालय नहीं बनने देंगे। छात्रों का कहना है वीसी सीएम से मिलने गए, लेकिन उनको बिना मिले भेज दिया गया। शांतनु कॉलेज गेट पर ताला लगाने के लिए पहुंचे थे, लेकिन उन्हें ताला लगाने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि मैं विश्वविद्यालय का अध्यक्ष चुनकर आया हूं। मैं छात्रों के हित में अपनी बातें आज यहां रखूंगा। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं माने। डीएम त्यागराजन ने भी उन्हें समझाने की कोशिश की है। छात्रों ने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और शिक्षा मंत्री को भी घेर लिया।
देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया
कुछ छात्र नीतीश कुमार के समर्थन में नारेबाजी करते दिखे। देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया के नारे लगे। बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो नीतीश कुमार जैसा हो के भी नारे लगे। कुछ छात्र हाथ में पोस्टर लिए दिखे। इस पर लिखा था- हम छात्रों का अभिमान। इस पर नीतीश की फोटो लगी थी।
147.29 करोड़ की योजना का उद्घाटन
पटना यूनिवर्सिटी के नए प्रशासनिक और अकादमिक भवन (कला संकाय) 147.29 करोड़ से बनकर तैयार हुए हैं। प्रशासनिक भवन G+8 और अकादमिक भवन G+9 है। नए प्रशासनिक ब्लॉक में पटना यूनिवर्सिटी का मुख्यालय शिफ्ट हो जाएगा। यही पीयू के मौजूदा कार्यालय की जगह लेगा। अकादमिक भवन में दरभंगा हाउस में चल रहे सभी पीजी विभाग शिफ्ट होंगे। साथ ही वाणिज्य कॉलेज को दरभंगा हाउस में फिलहाल शिफ्ट किया जाएगा।
बिजली कटने पर सोलर प्लांट का करेंगे इस्तेमाल
दोनों ब्लॉकों का निर्माण बिहार एजुकेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने तीन एकड़ में किया है। कुलपति प्रो. नमिता सिंह ने बताया कि हर फ्लोर पर सीसीटीवी कैमरा, नियंत्रण कक्ष, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, मीटिंग हॉल, सेमिनार हॉल सहित अन्य सभी तरह सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। कुलपति प्रो. नमिता सिंह ने बताया कि सभी फ्लोर पर लिफ्ट है। परिसर में ही विद्युत सब स्टेशन बनाया गया है। बिजली कटने की स्थिति में सौर उर्जा प्लांट प्रयोग किया जाएगा। पार्किंग की व्यवस्था के अलावा सुंदर गार्डन का निर्माण किया जा रहा है।
