न्यायधानी में दूसरे दिन फिर हत्या,17 साल बाद जेल से छूटे आरोपी ने अपने फुफेरे भाई की कर दी हत्या

बिलासपुर । न्यायधानी में लगातार दूसरे दिन फिर से युवक की हत्या हो गई। खास बात यह है कि दोनो हत्याएं सरकंडा थाना क्षेत्र में हुई है। पहले दिन गर्लफ्रेंड से छेड़छाड़ के विवाद में 25 वर्षीय युवक की हत्या हो गई थी। कल बीती रात नशे में ममेरे भाई ने फुफेरे भाई की हत्या कर दी। पुलिस के लिए राहत की बात यह है कि दोनों ही हत्या के आरोपी को पुलिस ने चंद घण्टो में ही गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा क्षेत्र में बीती रात हत्या की वारदात हुई है। मृतक प्रकाश ठाकुर(26) दिव्यांग था। वह बोल व सुन नही सकता था। इसलिए मोहल्ले वाले उसे कोंदा नाम से पुकारते थे। पड़ोस में ही उसके मामा का लड़का प्रदीप रहता था। दोनो आदतन अपराधी किस्म के व्यक्ति थे और कई बार जेल काट चुके थे। नशे का आदि होने के चलते दोनो एक साथ नशा भी करते थे। कल रात साढ़े 11 बजे दोनो प्रदीप के घर में बैठ कर शराब पी रहे थे। इस दौरान नशे में उनका किसी बात पर विवाद हुआ। जिस पर पास पड़े पत्थर से प्रदीप सिंह ने अपने फुफेरे भाई प्रकाश ठाकुर के सर में लगातार कई बार वार कर के हत्या कर दी। हत्या के बाद वह फरार हो गया।
हत्या की सूचना पड़ोसियों ने डायल 112 को दी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुँची। सीएसपी स्नेहिल साहू व सरकंडा टीआई उत्तम साहू मौके पर रात ही पहुँच गए। उन्होंने आरोपी की जानकारी जुटा कर पतासाजी शुरू कर दी। उसकी तलाश में पुलिस जगह जगह दबिश दे रही थी। दबाव में आकर आरोपी प्रदीप ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मृतक व आरोपी दोनो लंबी अवधि तक रहे हैं जेल में,परिवार भी है आपराधिक प्रवृत्ति का:- मृतक प्रकाश व आरोपी प्रदीप दोनो के साथ ही उनका परिवार भी आपराधिक प्रवृति का है। मृतक कोंदा उर्फ प्रकाश ठाकुर हत्या के मामले में दो वर्ष तक जेल में रहा है। उसके बाद वह एटीएम में तोड़फोड़ व चोरी के मामले में भी चार वर्ष जेल काट चुका है। वही उसका सगा भाई मोनू ठाकुर भी चोरी के आरोप में एक माह से जेल में है दूसरी तरफ आरोपी प्रदीप सिंह पत्नी को जला कर मारने के आरोप में 17 साल जेल काट चुका है। मरणासन्न पत्नी के कथन के बाद पुलिस ने आरोपी प्रदीप सिंह को जेल भेजा था। वह 7 माह पहले ही जेल से छुटा है और हत्या कर के फिर जेल की सलाखों के पीछे जा रहा है। उसका सगा भाई लड़की से रेप व अप्राकृतिक कृत्य करने के आरोप में जेल में बंद है।