Monsoon in Chhattisgarh: 5 दिन से ठहरा हुआ है मानसून: मौसम विभाग के अनुसार राज्‍य के बाकी हिस्‍सों में अभी इतने दिन और करना होगा इंतजार

Monsoon in Chhattisgarh: 5 दिन से ठहरा हुआ है मानसून: मौसम विभाग के अनुसार राज्‍य के बाकी हिस्‍सों में अभी इतने दिन और करना होगा इंतजार
X
Monsoon in Chhattisgarh: मानसून स्थिर हो गया है। बीते करीब 5 दिनों से मानसून के आगे बढ़ने का क्रम थम गया है। छत्‍तीसगढ़ में सुकमा और बीजापुर से आगे नहीं बढ़ रहा है। अब मौसम विभाग ने इसके आगे बढ़ने को लेकर फिर अपना अनुमान जारी किया है।

Monsoon in Chhattisgarh: रायपुर। दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने का क्रम रुक गया है। महाराष्‍ट्र की तरफ से आगे बढ़ रहा मानसून भी रुक गया है। इधर, छत्‍तीसगढ़ में भी समय से पहले पहुंचने के बावजूद मानसून अब मैदानी क्षेत्रों में लेट हो गया है। छत्‍तीसगढ़ में मानसून को अब तक रायपुर से आगे बढ़ जाना था, लेकिन अभी यह बस्‍तर संभाग में ही पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। मौसम विभाग के अनुसार स्थिति मानसून के आगे बढ़ने के अनुकुल बन रही है।

जानिये...कब तक राज्‍य में सक्रिय हो सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार मानसून अभी बस्‍तर संभाग के सुकमा और बीजापुर में रुका हुआ है। अगले 4 से 5 दिनों में इसके आगे बढ़ने की संभावना दिख रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी मानसून ब्रेक जैसी स्थिति नहीं है। ऐसे में अच्‍छा सिस्‍टम बना तो 24 घंटे में ही यह बस्‍तर से रायपुर पहुंच सकता है। लेकिन अभी प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में लोगों को इंतजार करना पड़ेगा।

फिर चढ़ने लगा पारा

प्रदेश में तापमान फिर बढ़ने लगा है। बदली बारिश के कारण पिछले 2 दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन फिर मौसम गरमाने लगा है। रायपुर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। बिलासपुर, अंबिकापुर और दुर्ग में भी पारा लगभग 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है। राजनांदगांव में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।

मानसून नहीं, लेकिन बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार मानसून सक्रिय नहीं है, लेकिन प्रदेश में बारिश की संभावना लगातार बनी हुई है। आज प्रदेश के अनेक स्‍थानों पर हल्‍की से मध्‍यम वर्षा होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने की चेतावनी भी दी गई है। वहीं, रायपुर के मौसम को लेकर अनुमान है कि यहां बादल छाए रह सकते हैं। शाम या रात में गरज-चमक के साथ अंधड़ और बारिश की भी संभावना बनी हुई है।

Tags

Next Story