
बिलासपुर/8 फरवरी 2022। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेंज में सोमवार को तेंदुए का शव मिला है। बताया जा रहा है कि, तेंदूए के चारों पैर कटे हुए है और चारो पैर की उंगली और दांत निकाल लिए गए हैं। वहीं वन विभाग की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकरियों की माने तो तेंदुए की मौत कैसे हुई है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता लग पाएगा। फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
मामला जिले के बिलासपुर रेंज के सोंठी सर्किल के बिटकुला बिट वन परिक्षेत्र का है। तेंदुए का शिकार दो दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है, तेंदुए के चारों पैर कटे हुए है और चारों पैर की उंगली और दांत निकाल लिए गए है। इस क्षेत्र मे अचानक तेंदुए दिखना कोई आम बात नहीं है, लगभग तीन महीने पहले निरतु पंचायत के अदराली ग्राम के मुन्ना गोंड को तेंदुआ द्वारा पंजा मारने की खबर मिली थी। उस समय इस संबंध में वन विभाग के किसी भी अधिकारी को कोई जानकारी नहीं होने की बातें सामने आई थी। उक्त घटना की जानकारी 12 बजे विभाग को दी गई थी। इसके बाद भी सूचना के बाद 4 बजे डिप्टी रेंजर पहुँचे थे। वहीँ डीएफओ हबीब खान 6 बजे पहुँचे थे। ऐसे में वन अधिकरियो की सुस्ती चर्चा का विषय बना हुआ है।